संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव ढिकौली में बीते दिन हुई चोरी की घटनाओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी के संबंध में उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन दिया। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने एवं गांव में सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि गांव निवासी सुभाष व बंटी के घर और उसकी मिल रोड स्थित दुकान में हुई चोरी की घटनाओं में आभूषण, नगदी और अन्य सामान चोरी हुआ है। किंतु अब तक पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और न ही खुलासा किया है। कुछ घटनाएं सीसीटीवी में कैद हैं। इनमें चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
ग्रामीणों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, रात्रि पहरा लगाने की अनुमति देने, चोरी की तीनों घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने, गांव में आने वाले संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों जैसे कबाडी, सब्जी विक्रेता, फेरी वाले पर कुछ समय के लिए रोक लगाने, नगर पालिका द्वारा स्ट्रीट लाइट की मरम्मत एवं नए स्थानों पर लाइटें लगवाने, पालिका द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को चालू कराने, गंदगी व जलभराव वाले स्थानों पर सफाई व्यवस्था में सुधार कराने आदि की अपील की। ज्ञापन देने वालों में भाकियू संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष नवनीत चौहान, पंकज चौहान, शनि प्रताप, कार्तिक, निशांत, हिमांशु, केशव, राजा, बंटी सुभाष चिराग आदि थे।