दौराला। कस्बे के वार्ड 12 निवासी नितिन अहलावत पर बृहस्पतिवार सुबह उसके ससुरालियों ने घर में घुसकर हथौड़ा, लोहे की रॉड और डंडों से हमला बोल दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर घर की महिलाएं पहुंची तो आरोपी धमकी देकर भाग निकले।
दौराला थाने पर दी तहरीर में सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उसका भतीजा नितिन अहलावत घर पर था। थाना जानी के गांव बाफर निवासी ससुर, साला और एक अज्ञात युवक कार में सवार होकर नितिन के घर के बाहर पहुंचे और जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने नितिन पर हमला बोल दिया। हमले में वह लहूलुहान हो गया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी दौराला में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुरेंद्र सिंह ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि ससुर सेंसरपाल, साला बिलसन, मिकसन और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।