शुक्रवार को मेरठ में दिल्ली दहलाने की धमकी के बाद आज दिल्ली में आईबी ने यूपी और दिल्ली में आतंकी हमले का इनपुट दिया है। आतंकियों द्वारा दिल्ली दहलाने की धमकी भरे दो पत्र मिलने से मेरठ में सनसनी फैल गई। इस पर जोन में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। साथ ही दिल्ली-एनसीआर बॉर्डर सील कर दिल्ली और गाजियाबाद में चेकिंग शुरू करा दी गई। एटीएस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे ट्रैफिक पुलिस का सिपाही नितिन ईदगाह चौराहे पर तैनात था, तभी ट्राइसिकल पर आए एक भिखारी ने सिपाही को एक चिट्ठी दी। बताया कि बाइक सवार एक व्यक्ति उसे यह चिट्ठी और 10 रुपये का नोट देकर गया था। बोला था कि चिट्ठी सफेद वर्दी वाले सिपाही को दे देना। सिपाही नितिन ने चिट्ठी पढ़ी तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत ट्राइसिकल सवार दिव्यांग को रोकते हुए उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस बीच करीब 15 मिनट बाद माधवपुरम ब्रह्मपुरी से भी इसी तरह की सूचना आई। यहां शहीद मंगल पांडे कालेज के पास यूपी 100 पर तैनात सिपाही संजीव कुमार को एक वृद्धा इसी तरह की धमकी भरी चिट्ठी देकर गई। उसे भी एक युवक ये चिट्ठी दे गया था। संजीव उस समय गाड़ी साफ कर रहा था। 10 मिनट बाद उसने यह पत्र पढ़ा तो उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने वृद्धा की काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम, इंटेलीजेंस ब्यूरो और एटीएस मुख्यालय को भी अवगत करा दिया गया। मेरठ से मिली सूचना पर दिल्ली में भी अलर्ट करते हुए चेकिंग शुरू हो गई।