मुजफ्फरनगर के खतौली में नाराज बीवी को मनाने और घर ले जाने के लिए मेरठ के एक युवक ने नायाब तरीका निकाला है। पति ने कस्बे में जगह-जगह पोस्टर चिपकवा दिए और ससुरालियों से बीवी को भेजने की गुहार लगाई। लिखा कि घरवाली नहीं आने से उसका मरने को दिल करता है। ससुरालियों ने कोतवाली जाकर इंस्पेक्टर केपी सिंह से मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई कराने की मांग की। पुलिस ने दीवारों से सभी पोस्टर उतरवा दिए हैं।
मेरठ शहर निवासी जावेद का निकाह खतौली की युवती से तीन वर्ष पूर्व हुआ था। निकाह के बाद से ही पति-पत्नी में मनमुटाव रहने लगा। निकाह के दो तीन महीने बाद ही हुए झगड़े के बाद पत्नी मायके आकर रहने लगी थी। जावेद के मुताबिक वह करीब 10-12 बार पत्नी को लेने ससुराल आ चुका है, लेकिन ससुराल वाले उसकी पत्नी को नहीं भेज रहे हैं। मामले को लेकर उसने पंचों को भी बैठाया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। परेशान होकर उसने पत्नी को लाने का एक अलग तरीका आजमाया। उसने अपनी पीड़ा दर्शाते हुए पोस्टर छपवाए। पोस्टर में उसने अपनी आपबीती लिखी। जावेद ने ससुराल आकर मौहल्ले की दीवारों पर पोस्टर चिपकवा दिए। जावेद ने पोस्टर में लिखा कि घरवाली के नहीं आने पर मरने का दिल कर रहा है। पोस्टर चिपकने की बात ससुरालियों को पता चली। पोस्टर में पीड़ित ने पत्नी को भिजवाने की अपील की है। ससुराल पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे और मामले की जानकारी दी।
इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि पोस्टर लगाने की शिकायत मिली है। पोस्टरों को हटवा दिया गया है। यह पारिवारिक मामला है। रिश्तेदार और बिरादरी के लोग पति-पत्नी के बीच समझौता कराने में लगे हैं।