पुलिस के कार्रवाई न करने से आहत महिला ने जहर खाकर जान दी
मुजफ्फरनगर/भोपा। ससुराल वालों से बेटे को पाने के लिए महिला थाने और अफसरों के यहां चक्कर काटती रही। बेटा तो उसे नहीं मिला, ससुराल वालों ने उसके अश्लील फोटो और वायरल कर दिए। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने और सामाजिक प्रताड़ना से आहत महिला ने शनिवार को जहर खाकर जान दे दी।
भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव रहने वाली महिला की चार साल पहले शादी हुई थी। आरोप है कि करीब ढाई माह पहले ससुराल वालों ने उसका डेढ़ माह का बेटा छीनकर घर से निकाल दिया था। गत 20 अगस्त को ससुराल वालों ने महिला के अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। महिला ने थाने पर तहरीर दी, लेकिन उसे साइबर हेल्प सेंटर जाने को कहकर भेज दिया। महिला ने वहां भी तहरीर दी। महिला ने कार्रवाई नहीं होने पर आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी थी। शनिवार दोपहर महिला ने अपने मायके में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शाम चार बजे महिला की मौत हो गई। सीओ भोपा गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि बेटे को दिलाने की मांग कर रही महिला को कोर्ट जाने के लिए कहा था। अश्लील वीडियो मामले में शुक्रवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी ऑफिस पर दुष्कर्म पीड़िता की दादी ने किया आत्महत्या का प्रयास
बागपत। बिनौली थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई न होने और उसके परिजनों पर आरोपी पक्ष की ओर से छेड़खानी और एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने से आहत पीड़िता की दादी ने एसपी ऑफिस पर पहुंचकर अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। वहां मौजूद लोगों ने उसे आग लगाने से रोका। पुलिस ने पीड़िता की दादी समेत 22 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच एसपी क्राइम को सौंपी है।