बैंकों के विलय के बाद जिले में अर्ध सरकारी और प्राइवेट बैंकों की संख्या 30 है। इन बैंकों की 479 बैंक शाखाएं है। 19 मई को 2 हजार के नोटों का चलन से बाहर होने के आदेश के बाद शुरुआती दिनों में तेजी से नोट बदलने का कार्य शुरू हो गया।
शहर में लगभग विभिन्न बैंकों की 13 करेंसी चेस्ट हैं। शाखाओं में यहीं से पैसा लाया और ले जाया जाता है। इन 130 दिनों में सर्वाधिक नोट एक्सचेंज एसबीआई, पीएनबी और कैनरा बैंक की शाखाओं में हुआ है।
बैंकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 900 करोड़ की धनराशि 2 हजार के नोट की शक्ल में जिले में जमा हुई है। अब 2 हजार के नोट जमा करने और एक्सचेंज करने के लिए चार दिन शेष रह गए हैं। बैंकों में अभी भी लोग नोट जमा करने के लिए आ रहे हैं।
30 तक जारी रहेगा नोट बदलने का कार्य
जिले की सभी 479 बैंक शाखाओं में नोट एक्सचेंज का कार्य किया जा रहा है। करोड़ों रुपये बैंकों में दो हजार के नोट की शक्ल में जमा हुए हैं। दो हजार के नोटों को जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। इसके बाद किसी भी शाखा में नोट एक्सचेंज नहीं किए जाएंगे। -सुशील कुमार मजूमदार, लीड बैंक मैनेजर, कैनरा बैंक