बिल के विवाद में छात्रों ने आनंद अस्पताल में किया हंगामा
मेरठ। गढ़ रोड स्थित आनंद अस्पताल में सोमवार दोपहर मरीज के इलाज का बिल ज्यादा बनाने का आरोप लगाते हुए चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के छात्रों ने हंगामा किया और धरना देकर बैठ गए। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस बुलाई। इसके बाद मामला शांत हुआ।
सड़क हादसे में घायल हापुड़ निवासी प्रवेश शर्मा 18 फरवरी से भर्ती थे। उनके उपचार का बिल तीन लाख 48 हजार रुपये बताया गया। इनमें से एक लाख 60 हजार रुपये परिजन जमा कर चुके थे, एक लाख 88 हजार 600 रुपये जमा करने थे। मरीज का रिश्तेदार और यूनिवर्सिटी का एक छात्र 40-45 छात्रों के साथ अस्पताल पहुंचा। यहां बिल कम करने की मांग करते हुए हंगामा किया गया। काफी देर तक छात्र धरने पर बैठ गए। उनकी अस्पताल के गार्डों से काफी कहासुनी हुई। सूचना पर नौचंदी पुलिस पहंची और छात्रों को समझाया। अस्पताल प्रबंधन ने भी 60 हजार रुपये कम किए, तब मामला शांत हुआ।
---
मानवता के नाते बिल किया कम
छात्रों के हंगामा करने के कारण नहीं, बल्कि मानवता के नाते 60 हजार रुपये बिल कम किया गया है। छात्रों ने हंगामा किया था। पुलिस को बुलाया गया था। हालांकि मरीज के तीमारदारों का कहना था कि वे इन छात्रों को नहीं जानते और उन्होंने नहीं बुलाया है।
- मुनीश पंडित, मैनेजर, आनंद अस्पताल