फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रा की आत्महत्या का मामला: सुसाइड नोट में तीन युवकों को ठहराया मौत का जिम्मेदार, जांच शुरू

Sun, 23 Jun 2019 02:30 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बागपत
विज्ञापन
मृतक युवती के घर पर सन्ना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में कक्षा 11वीं की छात्रा की मौत के मामले में एएसपी ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिचितों एवं ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। वहीं छात्रा के पास से मिले सुसाइड नोट में तीन युवकों को मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को विवेचना में शामिल कर लिया। सुसाइड नोट में लिखे तीनों युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। पुलिस दो युवकों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

विज्ञापन


गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा 11 की छात्रा बागपत में सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल में आई थी। यहां गुरुवार की सुबह मनचलों की हरकतों से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । छात्रा के पिता ने बिचपड़ी गांव निवासी अभिषेक व गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा की मौत के मामले में एएसपी रण विजय सिंह ने जांच शुरू कर दी है। एएसपी ने गांव में पहुंचकर छात्रा के नाना, रिश्तेदार, प्रधान व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।

मृतक छात्रा के कपड़ों से मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अंकित, विकास और मोनू को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि इन तीनों युवकों ने उसकी जीना मुश्किल कर दिया। उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। गांव में उसे बदनाम किया। उसके बारे में झूठी अफवाह फैलाई। तीनों युवक ही उसकी मौत के जिम्मेदार हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट को भी मुकदमे में शामिल कर लिया है। 

एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में जिन तीन युवकों के नाम लिखे गए हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगा। तीनों युवकों के नाम मुकदमे में शामिल कर लिए हैं। पुलिस को उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि मृतका के रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों के बयान लिए गए हैं। 

बुधवार की रात में सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस पहुंच गई थी। मौके पर पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। इस घटना में पुलिस की तरफ से कोई लापरवाही नहीं की। दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद सभी अपने घर चले गए । छात्रा ने घर जाने के बाद जहरीला पदार्थ खाया। छात्रा ने मरने से पहले पुलिस को बयान दिए । इसमें तीन युवकों को मौत का जिम्मेदार बताया । पुलिस केस की जांच कर रही है।

दोनों युवकों की ग्रामीणों ने की थी पिटाई
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात में मृतक छात्रा के नाना के घर में पकड़े गए आरोपी अभिषेक व गौरव की ग्रामीणों ने पिटाई भी की थी। पुलिस ने उन्हें किसी तरह से बचाया था। 

नींद की हालत में मिले थे नाना-नानी व भाई
पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात में मृतक छात्रा के नाना, नानी व आठ साल का भाई नींद की हालत में मिले थे। उन्हें देखने से लग रहा था कि तीनों को नींद की गोलियां खिलाई गई होगी। गुरुवार की सुबह तक उन्हें होश आया था।
विज्ञापन

प्रधान और ग्रामीणों ने कराया था समझौता
पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात में मृतक छात्रा के नाना के घर में आरोपी अभिषेक और गौरव के पकड़े जाने के बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर आ गई । दोनों गांव के प्रधान एवं ग्रामीणों ने उनका आपस में समझौता भी कराया। छात्रा के पिता ने भी बदनामी के डर से समझौता कर लिया था। दोनों पक्ष घर चले गए थे। गुरुवार की सुबह नौ बजे के लगभग छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाया।  

ननिहाल में ही किया छात्रा के शव का अंतिम संस्कार
मृतक छात्रा का शव का ननिहाल में ही अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने चिता को मुखाग्नि दी। परिजनों व ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने सुसाइड नोट में जिन युवकों के नाम लिखे गए है, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना था कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें