निवाड़ी गंगनहर मार्ग पर पैंगा गांव के समीप अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में दो इंजीनियर पुष्पेंद्र और दीपक हुड्डा की मौके पर मौत हो गई। उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस गंगनहर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
हरियाणा के जनपद रोहतक स्थित कलोई निवासी पुष्पेंद्र सिंह (37) एक संस्थान में इंजीनियर थे। शुक्रवार रात वह अपने साथी अर्बन स्टेट निवासी इंजीनियर दीपक हुड्डा (29) और सहकर्मी लोकेश व उदय के साथ कार से रोहतक से मुरादनगर से वह गंगनहर पटरी मार्ग से हरिद्वार जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पटरी मार्ग पर पैंगा गांव के समीप पहुंची तभी अज्ञात वाहन से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने पुष्पेंद्र सिंह और दीपक हुड्डा का मृत घोषित कर दिया। लोकेश और उदय की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। परिजन शनिवार को बिलखते थाने पहुंचे। गनीमत रही की हादसे के बाद कार गंगनहर में नहीं गिरी।
यह भी पढ़ें: सिरफिरे की धमकी: शादी से पहले घर से उठा ले जाऊंगा, मंगेतर ने थाने पहुंचकर लगाई गुहार, जानें- क्या है माजरा
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुष्पेंद्र के भाई प्रदीप के तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बसपा नेता की मुश्किलें बढ़ीं: अदालत में दाखिल की जाएगी चार्जशीट, घर से फरार है पूरा परिवार, ये है पूरा मामला