कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक की मौत
मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मनोटा गांव के समीप बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली की ओर से जा रही एक कार बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मुरादनगर सीएचसी भेजा गया।
मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर निवासी इलियास परिवार सहित रहते हैं। बताया गया कि इलियास हृदय रोगी है। चिकित्सकों ने बीमारी को देखते हुए इलियास को दिल्ली रेफर कर दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार की सुबह भाई यूसूफ, समीन, आसिफ इलियास को उपचार के लिए कार द्वारा दिल्ली ले जा रहें थे। कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे। बताया गया कि जैसे ही वह लोग दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित मनोटा गांव के समीप पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने अचानक कट मारा, बाइक को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में युसूफ (58) की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक सहित बाकी चारों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर जाम लग गया। सुबह के समय ट्रैफिक अधिक होने के कारण कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया।