बाइक सवार पिता-पुत्री को कैंटर ने कुचला, पिता की मौत
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित काजमपुर गेट के समीप सोमवार देर रात शादी समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार पिता-पुत्री को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में जहांगीरपुर गांव निवासी रहीमुद्दीन (44) की मौत हो गई। जबकि, बेटी सुमाइला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, आरोपी चालक वाहन कैंटर मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
रहीमुद्दीन सोमवार को मुरादनगर स्थित सुराना गांव में मामा के बेटे की शादी में गया था। वह अपनी बेटी सुमाइला के साथ बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह काजमपुर गेट के समीप पुहंचा, तभी पीछे से आ रही एक कैंटर ने वहान ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्री गंभी रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर उनके साथ चल रहे रिश्तेदार दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने रहीमुद्दीन को मृत को घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार रहीमुद्दीन के छह बच्चे हैं और वह फेरी लगाकर परिवार का पालन करता था। रहीमुद्दीन की मौत के बाद परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।