शताब्दीनगर स्थित वायुसेना-नेवी अधिकारियों के फ्लैट
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में दिल्ली रोड स्थित शताब्दीनगर में एयरफोर्स नेवल हाउसिंग बोर्ड (एएफएनएचबी) द्वारा बनाए गए 545 फ्लैट की कुर्की के आदेश एसडीएम सदर ने कर दिए हैं। 24 दिसंबर को जमीन की नीलामी की जाएगी। इससे वहां रहने वाले एयरफोर्स और नेवी के सेवानिवृत्त अधिकारियों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
फ्लैट मिलने में देरी होने पर कुछ आवंटी रेरा में गए थे। इसके बाद रेरा ने प्रशासन को एयरफोर्स नेवल हाउसिंग बोर्ड से वसूली करने के निर्देश दिए। बकाया राशि चार करोड़ 78 लाख 87 हजार 783 रुपये जमा न करने पर एसडीएम सदर ने एएफएनएचबी के खिलाफ नीलामी आदेश जारी किया।
वर्ष 2018-19 में यहां लोगों को फ्लैट दिए गए। इस स्थान पर अभी 180 परिवार रह रहे हैं। नीलामी के बाद इन परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। इसमें टू बीएचके और थ्री बीएचके फ्लैट बनाए गए हैं। इसी में एयरफोर्स और नेवी के सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी रह रहे हैं। इन लोगों ने अधिकतम 50 लाख रुपये खर्च करके फ्लैट लिए थे।
कुल टावर - 9
कुल फ्लैट - 545
कुल वर्ग मीटर जमीन - 40396.52 वर्ग मीटर
कहां जाएंगे हम लोग, कोई बताए
हम लोग कहां जाएंगे। इसका जवाब किसी के पास नहीं है। हमारे साथ अन्याय किया जा रहा है। हमने अपनी धनराशि से इसे तैयार कराया और फ्लैट लिया। -
वीके शर्मा, आवंटी