तहसील में मकान का बैनामा कर लौट रहे कार सवार लोगों पर फायरिंग, कार की खिड़की में लगी गोली, बाल-बाल बचे
परीक्षितगढ़। मवाना तहसील से बैनामा कर लौट रहे कार सवार तीन लोगों पर दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने परीक्षितगढ़ मार्ग रजबहे के समीप फायरिंग करते हुए लूट का प्रयास किया। पीड़ित बचकर नगर के मवाना बस स्टैंड पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मवाना बस स्टैंड और आसिफाबाद तिराहे के समीप दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों का सुराग लगाने में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई है।
कस्बा किठौर निवासी अब्दुल कादिर ने कस्बे के ही शाहिद को अपना मकान बेचा था। शुक्रवार को अब्दुल कादिर और शाहिद बैनामा करने मवाना तहसील में गए थे। बैनामा करने के बाद दोनों कार से वापस किठौर लौट रहे थे। जब उनकी कार परीक्षितगढ़ में मवाना मार्ग नगर के समीप रजबहे के पास पहुंची तो पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटने का प्रयास किया। चालक द्वारा कार नहीं रोकने पर बाइक सवार बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली कार की खिड़की में लगी, जिससे कार सवार लोग बाल-बाल बचे। नगर के मवाना बस स्टैंड पर पहुंच कर पीड़ित पक्ष ने पुलिस को घटना की सूचना दी। थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में मवाना बस स्टैंड और आसिफाबाद तिराहे पर दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार का कहना है कि पीड़ित कार सवार लोग थाने आए थे। लेकिन उन्होंने तहरीर नहीं दी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।