पार्षद की दुकान में लगी आग, भारी नुकसान
मेरठ। नगर निगम के पार्षद की बुढ़ाना गेट स्थित दुकान में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
पुरानी मोहनपुरी निवासी प्रसन्नजीत गौतम नगर निगम से वार्ड-44 के पार्षद हैं। बुढ़ाना गेट पर स्थित कांपलेक्स के प्रथम तल पर दुकान है। उनके पिता ब्रजलाल यह दुकान संभालते हैं। वह टेलर हैं। रविवार सुबह करीब सात बजे उनकी दुकान से धुआं निकलते देख पड़ोसी सैलून संचालक शाहवेज ने सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो आग भड़क चुकी थी।
सूचना मिलने के बावजूद दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। लाखों के नुकसान की बात कही जा रही है। पार्षद प्रसन्नजीत गौतम ने बताया कि दुकान में पांच आटोमेटिक सिलाई, पीको व इंटरलाकिंग मशीन के अलावा एसी, फ्रिज, एलसीडी, इन्वर्टर-बैटरा व काफी मात्रा में बने व अधबने कपड़े आग की भेटं चढ़े हैं।