सादुल्लापुर बांगर में डोल के विवाद में मारपीट और फायरिंग में पिता-पुत्र घायल
किठौर। गांव सादुल्लापुर बांगर में शनिवार को खेत की डोल को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। धारदार हथियार और गोली चलाई गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि उसका पिता मारपीट में घायल हो गया। घायलों को मेरठ एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इस मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि गांव सादुल्लापुर में नारंग सिंह पुत्र रणसिंह और रणजीत उर्फ चैन सिंह के खेत पास-पास हैं। दोनों ही चचेरे, तहेरे भाई हैं। नारंग सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं, जबकि रणसिंह वर्तमान में सेना में है। नारंग सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि जसवीर पुत्र चैन सिंह ने शनिवार को अपने खेत की डोल उसके खेत में निकाल दी।
आरोप है कि जब लड़के जसविंदर उर्फ जस्सी ने विरोध किया तो जसवीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला बोल दिया और फायरिंग कर दी। जांघ में गोली लगने से उसका पुत्र जसविंदर उर्फ जस्सी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर नारंग सिंह को भी घायल कर दिया। परिजनों ने घायलों को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया है।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस घटना के बाद मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर चैन सिंह, जसवीर, बलकार और सुखदेव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।