आगामी 19 नवंबर को आने वाली कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जनपद के किसानों का गढ़मुक्तेश्वर के लिए कारवां बढ़ने लगा है। शुक्रवार को भैसा-बुग्गियों और बैलगाड़ियों की लाइन लगी रही। किसानों ने अपने भैंसों और बैलों की जोड़ी को सजा रखा था।
इन्हें देखने के लिए लोग अपने घर और दुकानों से बाहर आ गए। मखदूमपुर का मेला नहीं होने के चलते इस बार जनपद के सभी किसान गढ़मुक्तेश्वर के लिए जा रहे हैं। गुरुवार से ही किसानों का गढ़ के लिए जाना शुरू हो गया। शुक्रवार को तो भारी संख्या में किसान अपने भैंसा-बुग्गियों के साथ सुबह से लेकर रात तक जाते रहे। जानी, रोहटाए, सरूरपुर, दौराला और सरधना ब्लाक के किसान माल रोड होते हुए सीसीएस यूनिवर्सिटी के सामने से निकले, तो लोग भैंसों और बैलों की सजावट देखने के लिए सड़क पर पहुंच गए। दर्जनों बुग्गियां कतारबद्ध होकर गढ़ रोड पर जाती रहीं।