मेरठ से सटे मवाना में खेत में टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव मौके पर ही पड़ा हुआ था। मृतक के पुत्र ने तहरीर दी है।
मोहल्ला हीरालाल मखदूमपुर रोड निवासी आदिल (50) पुत्र सद्दीक को शनिवार रात लगभग 8:30 बजे सूचना मिली कि उसके गेहूं के खेत में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह हज्जत नाम के एक अन्य व्यक्ति के साथ खेत पर पहुंचा।
खेत के पास ही घास में आग लगी थी। जैसे ही वह आग बुझाने के लिए आगे बढ़ा तो खेत में पहले से ही टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि बिजलीघर पर सूचना देने के आधा घंटे बाद लाइन को बंद किया गया। जानकारी होने पर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। आदिल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के तीन पुत्र व तीन पुत्रियां हैं।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव खेत में ही पड़ा हुआ था। इस संबंध में मृतक के पुत्र शाहनजर ने तहरीर दी है। शाहनजर का आरोप है कि कई पर किसान विद्युत विभाग से जर्जर तारों को बदलने की मांग कर चुके हैं। उसके पिता की मौत विद्युत विभाग की लापरवाही से हुई है।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता देशराज सोनी का कहना है कि उनको जानकारी हुई है। पीड़ित परिवार को हर संभव अर्थिक मदद कराई जाएगी।