मेरठ के सराय बहलीम में रंगदारी मांगने पर कपड़ा व्यापारी नदीम के घर पर की गई फायरिंग। आरोपी अजीन व उसके दो साथियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया। मामला आपसी लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है।
मेरठ कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय बहलीम में कपड़ा व्यापारी नदीम के घर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रविवार रात तीन युवक घर के बाहर गालियां देते हुए पहुंचे और देखते ही देखते फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
व्यापारी ने बताया कि अजीन नामक युवक कई दिनों से उसके मोबाइल पर कॉल कर ₹5 लाख की रंगदारी मांग रहा था। जब रंगदारी देने से इनकार किया गया, तो आरोपी दो अन्य साथियों के साथ उसके घर आ धमका।
गाली-गलौज और पूछताछ के बाद अचानक फायरिंग कर दी गई, जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई। व्यापारी के भाइयों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गई है। पुलिस ने अजीन सहित तीन लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया रंगदारी से अधिक आपसी लेनदेन का लग रहा है, फिर भी जांच सभी बिंदुओं से की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।