आज से शुरू होंगी कक्षा 9 और 11 की परीक्षाएं
मेरठ। सीबीएसई स्कूलों में ऑफलाइन कक्षाओं के साथ कुछ स्कूलों में परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। अन्य में कक्षा नौ और 11 की परीक्षाएं शनिवार से शुरू होंगी। कोरोना के केसों में कमी आने के बाद ऑफलाइन मोड में परीक्षाएं कराई जा रही हैं। इस बार बोर्ड परीक्षाएं भी ऑफलाइन आयोजित कराए जाने की तैयारी चल रही है।
दीवान पब्लिक स्कूल में शुक्रवार से प्री बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गईं। शनिवार से 9वीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं शुरू होने जा रहीं हैं। प्रधानाचार्य एके दुबे ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद स्कूल को ऑफलाइन मोड में कर दिया गया है। सभी बच्चों को परीक्षाओं के बारे में जानकारी दे दी गई थी और कोविड गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए ही परीक्षाएं कराई जा रही हैं।
उधर, एमपीएस ग्रुप की सलाहकार रिचा शर्मा ने बताया कि इस माह के अंत में बच्चों की परीक्षाएं कराई जाएंगी। स्कूल में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा चुनाव संपन्न होने के बाद स्कूलों में बच्चे भी ऑफलाइन कक्षाओं के लिए पहुंचने लगे हैं।