पूर्व सैन्यकर्मी का बेटा निकला लुटेरा, स्कूटी-बुलेट बरामद
मेरठ। नौचंदी पुलिस ने लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन बदमाशों को दबोचा है। एक आरोपी पूर्व सैन्यकर्मी का बेटा है। आरोपियों से पुलिस ने आठ कुंडल, एक चेन, दो चोरी की स्कूटी व एक बुलेट बाइक बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात सम्राट पुलिया के निकट एक स्कूटी व बुलेट पर सवार तीन युवकों को रोका गया। जांच में पता चला कि स्कूटी चोरी की है। पुलिस तीनों को थाने ले आई। सख्ती से पूछताछ के दौरान तीनों ने लूटपाट की कई वारदात कर चुके हैं। पकड़े गए आरोपी गाजियाबाद के पतला गांव एवं वर्तमान में गंगानगर में रह रहा बादल चौधरी उर्फ बाबा, मुजफ्फरनगर शहर के शांति नगर निवासी विहान उर्फ कुनाल और भौराकलां थाना क्षेत्र के सिसौली और वर्तमान निवासी बुढ़ाना मोड़ गोविंद बालियान है।
आरोपियों ने 19 सितंबर को गढ़ रोड पर राम सहाय स्कूल के निकट वैशाली कॉलोनी निवासी पारुल शर्मा, उसी दिन सूरजकुंड नगर निगम डिपो के निकट ब्रह्मपुरी निवासी रेखा शर्मा, 20 सितंबर को नई सड़क विशाल मेगामार्ट के निकट सेक्टर-तीन शास्त्री नगर निवासी बुलबुल ठाकुर से कुंडल लूट की वारदात अंजाम दी थी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों नशा करते हैं। करीब पांच माह पूर्व तीनों की मुलाकात टीपी नगर थाना क्षेत्र के एक नशा मुक्ति केंद्र में हुई थी। इनसेपरिजनों का भी संपर्क नहीं है। बादल पूर्व सैन्यकर्मी का बेटा है, जिसने गंगानगर के हॉस्टल में कमरा ले रखा है। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि सदर बाजार, लालकुर्ती, पल्लवपुरम, मेडिकल और भावनपुर क्षेत्र में लूटपाट की घटनाएं स्वीकार की है।