बाइक सवार युवकों ने बाजार से लौट रही युवती का हाथ पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में बाजार से लौट रही युवती से बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। एक मनचले ने युवती का हाथ पकड़ा तो वह चिल्लाने लगी। शोर सुनकर लोग जुटने लगे तो उन्हें देखकर आरोपी धमकी देकर भाग निकले।
समर गार्डन इलाके में साप्ताहिक पैठ लगती है। शनिवार को एक युवती यहां से घर जा रही थी। तभी बाइक सवार दो युवकों ने युवती का पीछा करना शुरू कर दिया। युवती ने यह देखा तो वह रास्ते में रुक गई और उनके जाने का इंतजार करने लगी। किसी तरह वह छिपकर घर के पास तक पहुंची। तभी बाइक सवार मनचले आ गए।
आरोप है कि एक मनचले ने युवती को रोककर बात करनी शुरू कर दी और उसका हाथ पकड़ लिया। यह देख युवती ने विरोध किया और शोर मचाया। आसपास के लोग युवती की मदद के लिए बढ़े, तभी दोनों आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। युवती के परिजन भी पहुंच गए। वह थाना पुलिस से शिकायत करने की बात कहने लगे। बाद में कुछ लोगों ने उन्हें घर भेज दिया।
युवती ने परिजनों को बताया कि दोनों युवक पिछले कई दिन से उसे परेशान कर रहे थे। लोगों में छेड़छाड़ की इस घटना से आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि लगातार छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी है। सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि ऐसी घटनाओं को छिपाने से अपराधियों के हौंसले बुलंद होते हैं। युवती बिना डरे आकर शिकायत करे, पुलिस कार्रवाई करेगी। फिलहाल चौकी प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं।