आज से शहर में चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
मेरठ। महानगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सोमवार से नगर निगम पुलिस बल को साथ लेकर अभियान चलाएगा। अभियान सात दिन चलेगा। नगर निगम ने व्यापारी नेताओं के साथ बैठक करके सहयोग की अपील की है, इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों को स्वयं ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की कार्य योजना तैयार की है।
सोमवार को छतरी वाले पीर से जली कोठी होते हुए मंजूर चौक दिल्ली रोड एवं पटेल नगर में आज अतिक्रमण हटवाया जाएगा। 12 अक्तूबर को बेगमपुल से इंदिरा चौक, सरधना रोड शिव चौक से बाईपास फ्लाईओवर एवं खिर्वा रोड बाईपास तक, 13 अक्तूबर को हापुड़ अड्डा चौराहा से बिजली बंबा बाईपासऔर फुटबाल चौक मेट्रो प्लाजा से बागपत रोड मलियाना फाटक तक, 16 अक्तूबर को हापुड़ चौराहा से तेजगढ़ी चौराहा होते हुए काली नदी तक और बागपत रोड मलियाना फाटक से बाईपास तक, 18 अक्तूबर को शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट और बच्चा पार्क से खैरनगर चौराहा होते हुए केसरगंज पुलिस चौकी एवं घंटाघर से रेलवे रोड चौराहा तक, 20 अक्तूबर को बच्चा पार्क चौराहा से पश्चिमी कचहरी रोड कमिश्नर कार्यालय तक, 21 अक्तूबर को ईव्ज चौराहा से पूर्वी कचहरी रोड होते हुए मवाना बस स्टेंड तक और भुमिया पुल से लिसाड़ी रोड अंजुम पैलेस तक अभियान चलेगा।
अभियान में शामिल रहेंगे मजिस्ट्रेट, पीएसी व पुलिस
अपर नगरायुक्त ममता मालवीय ने जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट, पीएसी और पुलिस बल की मांग की है। अपर नगरायुक्त का कहना है कि आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना ने सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ हाईकोर्ट में वाद दायर किया हुआ है। उसी याचिका पर नगर निगम को जवाब दाखिल करना है।