किठौर (मेरठ)। कायस्थ बड्ढा में बिजली चोरी पकड़ने के लिए गई विद्युत विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। टीम ने किसी तरह जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। टीम की ओर से चार लोगो के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
भटीपुरा बिजलीघर के अवर अभियंता अनिल कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार को वह एसडीओ किठौर कुमार अनिकेत, संविदा लाइनमैनों अनेश तोमर, फिरोज खान, अनिल कुमार के साथ कायस्थ बड्ढा में बकाया बिल वसूली के लिए गए थे। आरोप है कि चेकिंग के दौरान गांव के शकील के घर पहुंचने पर टीम ने बिजली चोरी पकड़ते हुए पोल पर अवैध रूप से डाली गई केबल को उतारने का प्रयास किया।
इसी दौरान शकील के बेटों आसिफ, कासिम के अलावा बासित और मोहसिन ने टीम के साथ मारपीट कर दी। टीम के सदस्यों को दूसरे घर में घुसकर जान बचानी पड़ी। एसडीओ अनिकेत ने बताया कि किठौर क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने और बकाया वसूली के लिए अभियान चल रहा है। चेकिंग के लिए जाने वाली टीमों पर इस तरह के हमले हो रहे हैं। इसके चलते विद्युत टीम को अभियान चलाने में मुश्किलें हो रही हैं। इस मामले में इंस्पेक्टर बृजेश पांडेय ने बताया कि मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।