ई-रिक्शों और ऑटो के चालक निर्धारित रूटों का पालन नहीं कर रहे हैं, लेकिन अब यातायात पुलिस ने दोबारा रूट प्लान तैयार किया है। इसके तहत घंटाघर से देहरादून रोड, अंबाला रोड, कोर्ट रोड, रेलवे रोड, बाजोरिया रोड, दिल्ली रोड, चिलकाना रोड पर चलने वाली ई-रिक्शों और ऑटो पर हरा, लाल, पीला व नीले रंग की पट्टियां बनवाई जाएंगी। ताकि गलत रूट पर चलने वाली ई-रिक्शा व थ्री व्हीलर की आसानी से पहचान कर कार्रवाई की जा सके। एक अप्रैल से यह व्यवस्था लागू करना तैयारी है।
पहले भी दावों का निकला था दम
पुलिस ने कोरोना काल से पहले भी रूट निर्धारित किए थे, लेकिन कुछ दिन व्यवस्था सही चली थी। उसके बाद फिर व्यवस्था बेपटरी हो गई। इस वजह से शहर में रोजाना नवाबगंज चौक, घंटाघर, बाजोरिया मार्ग, कोर्ट रोड, मोरगंज बाजार, शहीगंज बाजार, दालमंडी पुल, पुल कंबोहान सहित अनेक इलाकों में जाम लगता है।
बेतरतीब खड़े होने से भी लगता है जाम
महानगर में ई-रिक्शों और थ्री व्हीलर घंटाघर पर विद्युत निगम के कार्यालय के बाहर, अंबाला रोड, अंग्रसेन चौक, रायवाला बाजार, कोर्ट रोड पर दीवानी कचहरी के पास, बाजोरिया रोड पर बेतरतीब खड़ी होती हैं, जिसकी वजह से जाम भी लगता है। यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई करने के बावजूद चालक मनमानी करते हैं।
निर्धारित रूटों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसको लेकर प्लान तैयार कराया गया है। जल्द ही इस प्लान को लागू कराने की तैयारी की जा रही है। -प्रेमचंद, एसपी ट्रैफिक