डिजिटल जनगणना : कस्बे के 14 वार्डों को 36 ब्लॉकों में बांटकर काम करेंगी टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। देश में पहली बार हो रही डिजिटल जनगणना के तहत शुक्रवार से प्रथम चरण में मकानों के सूचीकरण एवं गणना का कार्य शुरू होगा। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर स्व-गणना से जनरेट आईडी का सत्यापन करेंगे। नगर पंचायत ने प्रथम चरण को 31 मई तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 7 मई से 21 मई तक नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प दिया गया था। इस अभियान में लावड़ नगर पंचायत ने शत-प्रतिशत स्व-गणना का लक्ष्य हासिल किया। उन्होंने बताया कि चेयरपर्सन आफताब बेगम, सभासदों एवं कर्मचारियों के सहयोग से नगर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। वॉल पेंटिंग, जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को डिजिटल जनगणना के प्रति जागरूक किया गया। ईओ ने बताया कि जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नगर के 14 वार्डों को 36 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक की नियुक्ति की गई है, जबकि प्रत्येक छह ब्लॉकों पर एक सुपरवाइजर तैनात रहेगा। उन्होंने बताया कि सत्यापन कार्य के दौरान टीम घर-घर जाकर नागरिकों की ओर से की गई स्व-गणना का मिलान करेगी, ताकि आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।