मेडिकल में प्रसव केंद्र के बाहर छेड़छाड़
मेडिकल कॉलेज में लावारिस महिला मरीज से छेड़छाड़ का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि बुधवार को मेडिकल में छेड़छाड़ की एक और वारदात हो गई। प्रसव केंद्र के बाहर खड़ी तीमारदार महिला से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। जिस पर हंगामा हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला और मेडिकल प्रशासन ने तहरीर नहीं दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में प्रसव केंद्र के बाहर महिला तीमारदार खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उसने महिला तीमारदार के साथ छेड़छाड़ कर दी। जिस पर महिला ने आपत्ति की और हंगामा कर दिया। लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी लगते मेडिकल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ा। इंस्पेक्टर मेडिकल प्रमोद कुमार गौतम ने बताया कि आरोपी नशे में है।
मेडिकल रिपोर्ट में अल्कोहल की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पीड़ित महिला और मेडिकल कॉलेज के प्रशासन से तहरीर मांगी थी। तहरीर न आने पर पुलिस ने आरोपी को शांतिभंग में चालान किया है। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठे रहे कि चार दिन पहले लावारिस महिला मरीज से नशे में धुत सफाई कर्मचारी सोनू ने छेड़छाड़ की घटना की थी। इसके बाद भी कोई सुधार नहीं किया। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा है कि मामला संज्ञान में नहीं है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना कि तहरीर आने पर छेड़छाड़ की धारा भी लगा जाएगी।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, वीडियो बनाई
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक युवती ने पड़ोसी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती ने थाने में तहरीर दी है। थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती एक निजी स्कूल की छात्रा है। बताया जाता है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने शादी करने का झांसा देकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शारीरिक संबंध बना लिए। इस दौरान चुपके से उसने युवती के साथ अश्लील वीडियो भी बना ली।
हाल ही में युवती को पता चला कि युवक उससे शादी का वायदा करने के बाद किसी अन्य युवती से शादी कर रहा है। वह पहले उसके घर पहुंची और हंगामा किया। बाद में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर वह ब्रह्मपुरी थाने आ गई। यहां भी युवती ने जमकर हंगामा किया और न्याय की मांग की। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिलाते हुए किसी तरह युवती को वापस लौटाया।
दंपती से मांगी पांच लाख की रंगदारी
अश्लील फोटो तैयार कर एक दंपती को समाज में बदनाम करने का डर और जान से मारने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। अफसरों ने साइबर सेल को जांच के आदेश दिए हैं। सिविल लाइन क्षेत्र निवासी युवक ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल कर अज्ञात व्यक्ति ने पांच लाख रुपये की मांग की।
रुपये नहीं देने पर पति-पत्नी की अश्लील फोटो फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्वीटर, इंस्टाग्राम पर अपलोड करने की धमकी दी। दस मिनट बाद आरोपी ने व्हाट्सएप नंबर पर कुछ अश्लील फोटो भेजे। करीब डेढ़ घंटे के बाद फिर एक नए नंबर से आरोपी ने कॉल की और मांग पूरी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। संवाद
लालकुर्ती में छात्रा से छेड़छाड़ पर हंगामा
लालकुर्ती सब्जी बाजार में स्कूल जा रही छात्रा पर टिप्पणी किए जाने के बाद हंगामा हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। कुछ घंटे बाद छात्रा वापस थाने पहुंची और शिकायत वापस ले ली। पुलिस ने आरोपी युवक का शांतिभंग में चालान किया है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा बुधवार सुबह स्कूल के लिए निकली थी। सब्जी बाजार में एक ठेले पर सब्जी बेच रहे युवक ने छात्रा पर टिप्पणी कर दी। इसका छात्रा ने विरोध जता दिया। विरोध देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस भी आ गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सब्जी विक्रेता को हिरासत में लेकर थाने भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी के परिवारजनों को थाने बुलाया। इसी दौरान छात्रा थाने पहुंची और अपनी शिकायत वापस ले ली। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि सब्जी विक्रेता की बोली में थोड़ा फर्क है। बोलते वक्त शब्द साफ नहीं निकलते। छात्रा को जब इस बात की जानकारी लगी तो वह खुद थाने आई और शिकायत वापस ले ली।
पुलिस के लिए चुनौती बने मामले
-हसनपुर पुलिस चौकी के पास 26 जुलाई को नवीन मंडी के कारोबारी अमित अग्रवाल से 14.90 लाख रुपये दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट लिए थे। अभी तक खुलासा नहीं हुआ। व्यापारी नाराज है।
-शहर कोतवाली क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जांच करते हुए पुलिस नोएडा तक पहुंची, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। घटना से पीड़ित व्यापारी दहशत में है।
-चार अगस्त को सरधना के अकलपुर गांव में सरधना विधायक संगीत सोम के प्रतिनिधि शेखर सोम व मैनेजर विनोद कुमार ने हेड कांस्टेबल से मारपीट तक की। जिनके मुकदमे भी दर्ज है।
-शास्त्री नगर में व्यापारी सचिन से मोबाइल लूट और गढ़ रोड स्थित मंगलम हॉस्पिटल के पास मंगलवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने महिला से कुंडल लूट लिए थे। पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी।