खैरनगर में दवाखाने पर छापा, व्यापारियों का हंगामा
मेरठ। खैरनगर बाजार में रविवार को दिल्ली की टीम ने अशरफी दवाखाने पर छापा मारा। यहां से कैप्सूल और सिरप के कुछ डिब्बे कब्जे में लिए। दवाखाना मालिक सलमान के साथ आसपास के व्यापारियों ने काफी देर तक हंगामा किया।
उन्होंने चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। बाद में देहली गेट पुलिस ने मामले को शांत कराया। वहीं, टीम ने दावा किया कि देव फार्मेसी कंपनी के नाम पर नकली कैप्सूल बिना बिल बेचने और अन्य शिकायतों पर यहां पहुंची है। उसके पास कोर्ट के आदेश भी हैं।
रविवार दोपहर टीम में शामिल देव फार्मेसी कंपनी के अधिकारी और अधिवक्ता देहली थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि खैरनगर में अशरफी दवाखाना पर उनकी कंपनी का नकली माल बेचा जा रहा है। उन्होंने थाना प्रभारी को जांच के लिए कोर्ट के आदेश दिखाए।
इसके बाद पुलिस के साथ खैरनगर में श्यामनगर निवासी सलमान और आमिर की दुकान पर टीम पहुंची। टीम ने सलमान की दुकान से दो कैप्सूल के डिब्बे और कुछ सिरप की बोतल कब्जे में ली। इसी दौरान व्यापारियों ने विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां नकली दवाएं नहीं बेची जा रही हैं। यह माल कंकरखेड़ा के मेडिकल स्टोर से खरीदा गया है। बाद में कुछ व्यापारी नेताओं ने कहा कि टीम जांच करने आई थी, उसका पूरा सहयोग किया गया। विरोध करने की बात गलत है। बाद में टीम जब्त सामान के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इंस्पेक्टर वीके त्रिपाठी ने बताया कि जांच टीम सैंपल लेकर गई है, लेकिन कोई तहरीर अभी नहीं दी गई है।