फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिग्री कॉलेज की प्रवक्ता की गोली मारकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
डिग्री कॉलेज की प्रवक्ता की गोली मारकर हत्या
विज्ञापन

बिजनौर। शहर के पॉश इलाके साकेत में शुक्रवार की सुबह 9: 55 बजे आरबीडी कॉलेज में अंग्रेजी की प्रवक्ता डॉ. प्रिया शर्मा की बाइक सवार दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक दिन पहले ही मृतका ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके पति कमल शर्मा निवासी भटावली मुरादाबाद और एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की एक टीम ने मुरादाबाद में दबिश दी, लेकिन इससे पहले ही आरोपी का पूरा परिवार घर में ताला लगाकर फरार हो गया। घटना के वक्त डॉ. प्रिया शर्मा पैदल ही कॉलेज जा रही थी, जब वह साकेत कॉलोनी में पहुंची तो पीछे से आए बाइक पर सवार दो लोगों ने उनकी कनपटी से सटाकर गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, लेकिन कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है।
विज्ञापन

मृतका का अपने पति और ससुरालियों से विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी को टीमें लगा दी गई हैं। डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी, बिजनौर
दस दिन पहले घर में घुसकर बचाई थी जान
बिजनौर। घर से पैदल कॉलेज जा रही प्रवक्ता की बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड को चौथे प्रयास में अंजाम दिया गया है। इससे पहले भी हत्यारोपी तीन बार जान से मारने की कोशिश कर चुके थे। जिस गली में हत्या हुई, उसी गली में दस दिन पहले भी प्रवक्ता को घेर लिया गया था, जिसने एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई थी। एक बार गाड़ी से टक्कर मारने का भी प्रयास किया गया। डरी सहमी प्रवक्ता बार-बार रास्ते बदल कर कॉलेज जाती थी, लेकिन हत्यारोपियों ने पीछा करना नहीं छोड़ा।
शुक्रवार सुबह 9:55 बजे साकेत कॉलोनी की सुनसान गली में आरबीडी कॉलेज में अंग्रेजी की प्रवक्ता डॉ. प्रिया शर्मा (35) पुत्री गणेशदत्त शर्मा, हाल निवासी सुरेंद्र नगर बिजनौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकले, तब तक बाइक सवार हत्यारोपी फरार हो गए। एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे दो मजदूरों ने बाइक पर सवार दो लोगों को तेजी से फरार होते देखा। मृतका के पास से मिले मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान हो सकी।
मृतका के परिजनों और पुलिस के मुताबिक प्रिया शर्मा का अपने पति से विवाद चल रहा था। पिछले दस माह से वह अपने पिता के घर सुरेंद्र नगर में रह रही थी। बताया कि हत्या करने से पहले भी उसका पति तीन बार मारने का प्रयास कर चुका था। दस दिन पहले इसी गली में उसके पति और उसके एक साथी ने दोनों तरफ से घेर लिया था, जिनके हाथों में तमंचे थे। उस वक्त वह एक घर में घुस गई थी। बाद में उक्त मकान के मालिक प्रिया शर्मा को कालेज तक छोड़कर आए। इससे पहले कार से टक्कर मारने की भी कोशिश की गई थी। इसके अलावा उसका पति लगातार पीछा कर रहा था।
रिपोर्ट दर्ज होने के 14 घंटे बाद कर दी हत्या
बिजनौर। चांदपुर थाने में बृहस्पतिवार की शाम 7:25 बजे रिपोर्ट लिखी गई। प्रिया शर्मा ने उत्पीड़न से तंग आकर पति सहित छह ससुरालियों के खिलाफ यह केस दर्ज कराया था। रिपोर्ट लिखे जाने के 14 घंटे बाद ही पीड़िता को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया गया। अगर दहेज उत्पीड़न के मामले में पहले कार्रवाई हो जाती तो शायद प्रिया शर्मा की जान बच सकती थी।
मृतका प्रिया शर्मा ने तहरीर देकर पति कमल शर्मा निवासी गांव भटावली मुरादाबाद, सास वर्षा रानी, नंद डोली शर्मा, बिचौलिया विमलेश शर्मा, मुमेरे ससुर ब्रज किशोर, ममेरी सास अनीता शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप था कि दिसंबर 2017 को शादी होने के बाद से ही दहेज के लिए उत्पीड़न किया जाने लगा। शादी के वक्त दस लाख रुपये का दहेज दिया गया था। बिचौलिया ने झूठ बोलते हुए कमल शर्मा को एक बड़ी कंपनी में प्रबंधक बताते हुए शादी करा दी थी। बिजनौर में स्थित पिता के मकान को बेचकर पैसा लाने की डिमांड की जा रही थी। आरोपी पति दोस्तों के साथ अनैतिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। विरोध करने पर मारपीट करते हुए पीड़िता को जनवरी 2021 में ससुराल से निकाल दिया गया। दस अगस्त को भी पति सहित चार आरोपियों ने चांदपुर स्थित मकान पर आकर पीड़िता के साथ मारपीट की। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के 14 घंटे बाद ही आरोपी ने प्रवक्ता की हत्या कर दी।
रिश्ता बचाने की खातिर दे चुकी थी पंद्रह लाख
बिजनौर। नेट क्वालीफाई और अंग्रेजी में पीएचडी धारक प्रिया शर्मा बेहद ही होनहार थी। डिग्री कालेज में नौकरी और डिग्री होने के बावजूद जिंदगी के इम्तिहान में पास नहीं हो सकी। हालांकि उसने घर संभालने और रिश्ता बचाने को भरपूर प्रयास किए। शादी के बाद से अपने पति को पंद्रह लाख रुपया दे चुकी थी। तनख्वाह भी ससुरालियों के खातों में ट्रांसफर करती रही। इसके बाद भी उत्पीड़न नहीं थमा। आखिरकार गोली मारकर हत्या कर दी गई।
किसके सहारे जिएंगे हम...
बिजनौर। मूल रुप से चांदपुर के मोहल्ला कायस्थान के रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक गणेशदत्त शर्मा अपनी पत्नी रुक्मिणी शर्मा के बिजनौर के सुरेंद्र नगर स्थित मकान में रहते हैं। रुक्मिणी भी रिटायर्ड शिक्षक हैं। जनवरी से उनकी बेटी डॉ. प्रिया शर्मा भी पति से विवाद के चलते उनके साथ रह रही थी। बेटी प्रिया की हत्या होने के बाद बूढ़ी मां का रो रोकर बुरा हाल था। बार बार कह रही थी...अब किसके सहारे जिएंगे हम। बता दें कि प्रिया के इकलौते भाई अभिलाष की मौत एक साल पहले बीमारी के चलते हो गई थी। प्रिया की भाभी अपने छोटे छोटे बच्चों के संग चांदपुर स्थित मकान पर रहती है। बूढ़े मां-बाप के लिए प्रिया ही एक सहारा थी जोकि उनकी देखभाल करती थी।
घटनास्थल पर पहुंची सदर विधायक
बिजनौर। प्रवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर लगते ही सदर विधायक सुचि मौसम चौधरी और उनके पति भाजपा नेता एश्वर्य मौसम चौधरी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिन्होंने पुलिस अधिकारियों ने बात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कहा। वहीं मृतका के परिवार वालों को सांत्वना दी। पूर्व विधायक रुचिवीरा ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतका की मां को ढांढस बंधाया। जोकाफी देर तक पोस्टमार्टम हाउस पर रहीं।
विज्ञापन

प्रिया शर्मा की डिग्रियों से होती थी जलन
बिजनौर। पोस्टमार्टम हाउस पर रोते बिलखते डॉ. प्रिया शर्मा की मां ने बताया कि उसके पास काफी डिग्रियां थीं। जिन डिग्रियों से प्रिया के पति को जलन होती थी। वह कम पढ़ा लिखा होने की वजह से अक्सर प्रिया को पढ़ाई लिखाई को लेकर तंज कसता था।

बिजनौर में साकेत कालोनी में आरबीडी कॉलेज की प्रवक्ता की हत्या के अस्पताल में विलाप करती बहन और मा- फोटो : BIJNOR

बिजनौर में साकेत कालोनी में आरबीडी कॉलेज की प्रवक्ता की हत्या के बाद शव को देखती पुलिस।- फोटो : BIJNOR

बिजनौर के आरबीडी कॉलेज की प्रवक्ता डा.प्रिया शर्मा। (फाइल फोटो)- फोटो : BIJNOR

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें