चौकीदार की मौत हाईवे पर जाम लगाने वाले भूनी ग्राम प्रधान समेत 150 लोगों पर मुकदमा
सरूरपुर। मेरठ-करनावल हाईवे पर बीते मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मारे गए भूनी के चौकीदार के शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग करने वाले ग्रामीणों में लोकदल नेताओं के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित चार लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ग्रामीणों ने सीओ सरधना से मिलकर मुकदमा खत्म कराने की मांग की।
बीते मंगलवार को एपीएस कॉलेज से ड्यूटी करके लौट रहे संजय शर्मा पुत्र सतीश शर्मा की भूनी चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। मुआवजे की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य अनिकेत भारद्वाज के नेतृत्व में भूनी के ग्रामीणों ने तीन घंटे तक हाईवे जाम कर दिया था। इस मामले में मौके पर पुलिस प्रशासन की ओर से मुआवजे दिए जाने के आश्वासन के बाद जाम खोला गया था।
इस मामले में पुलिस ने जाम लगाने वाले भूनी गांव निवासी शुभम पुत्र संजीव, अक्षित पुत्र प्रवेश त्यागी, देवराज पुत्र ब्रह्मजीत व ग्राम प्रधान प्रदीप उर्फ टिंकू पुत्र नरेश तथा लगभग 150 अज्ञात महिला व पुरुषों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया है। मुकदमा सरूरपुर थाने के दरोगा भीम प्रकाश की ओर से दर्ज कराया गया था। हालांकि उनका अब यहां से तबादला हो चुका है। मुकदमा दर्ज होने के बाद ग्रामीणों में पुलिस के प्रति रोष है। जिसे लेकर शुक्रवार को भूनी के ग्रामीण सीओ सरधना से मिले और मुकदमा खत्म कराने की मांग की।