सरधना। सरधना क्षेत्र में बुधवार दोपहर कंप्यूटर कोचिंग जा रहे तीन छात्रों पर गांव झिटकरी के पास कुछ युवकों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल मेरठ रेफर किया गया है।
गांव सलावा निवासी अर्जुन पुत्र दिनेश सरधना के गोस्वामी कंप्यूटर सेंटर में कोचिंग करता है। बुधवार को वह अपने गांव के साथियों लक्ष्य और कृष्णा के साथ बाइक पर कोचिंग जा रहा था। रास्ते में झिटकरी गांव के पास बाइक सवार कई हमलावरों ने उनकी बाइक रोककर धारदार हथियारों और लाठियों से तीनों पर हमला कर दिया। लक्ष्य और कृष्णा किसी तरह मौके से भाग निकले, लेकिन अर्जुन को घेरकर बेरहमी से पीटा और धारदार हथियारों से वार किए।
अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण मौके पर पहुंच तो आरोपी भाग निकले। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अर्जुन को सीएचसी सरधना लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल अर्जुन ने बताया कि हमलावरों ने रंजिश के चलते हमला किया है। कुछ दिन पूर्व लक्ष्य और कृष्णा का आरोपियों से विवाद हुआ था। इससे नाराज होकर यह हमला किया गया। परिजनों ने थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामले की तहरीर प्राप्त हो चुकी है। जांच कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।