दबंगों ने ट्रैक्टर से जबरन किसान की 15 बीघा गेहूं की फसल जोती
परीक्षितगढ़। खादर क्षेत्र में गांव ऐदलपुर और अकबरपुर में दबंगों ने ट्रैक्टर से जबरन एक किसान की 15 बीघा गेहूं की फसल जोत दी। पीड़ित किसान ने थाने में तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव नीमका निवासी किसान जसबीर पुत्र इंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि खादर क्षेत्र के गांव ऐदलपुर और अकबरपुर में मां गुरुदीप कौर, मोहन सिंह, बाहल सिंह व अन्य किसानों की लगभग 300 बीघा जमीन है। जिसमें जसवीर सिंह ने 15 बीघा जमीन में गेहूं की फसल की बुवाई कर रखी थी। शनिवार रात करीब आठ बजे गांव रामनगर के दबंग लोगों ने खेत पर पहुंचकर 15 बीघा गेहूं की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। पीड़ित किसान ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दबंग ट्रैक्टर के साथ मौके से फरार हो गए। 10 दिन पूर्व भी दबंगों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया था, लेकिन डायल 112 पुलिस को देख आरोपी भाग गए थे। रविवार को पीड़ित किसान ने थाने में तीन नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।