रुपयों के विवाद में कोल्हू संचालकों में मारपीट, आधा दर्जन हिरासत में
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के लुकाधड़ी गांव में रविवार को रुपयों के लेनदेन के विवाद में दो कोल्हू संचालकों के बीच मारपीट हो गई। मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के लोगों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
पुलिस के अनुासार, क्षेत्र के गांव लुकाधड़ी में एक व्यक्ति ने संचालक से कोल्हू में गन्ना लगाने के बदले चार हजार रुपये लिए थे। परंतु उक्त व्यक्ति ने कोल्हू में गन्ने नहीं लगाए। रविवार को उक्त व्यक्ति कोल्हू के समीप से गुजर रहा था तो कोल्हू संचालक ने अपने रुपये वापस मांगे। उक्त व्यक्ति ने दूसरे कोल्हू पर काम कर वापस लौटाने को कहा। दूसरा कोल्हू संचालक भी वहां पर आ गया। उसके बाद दोनों कोल्हू संचालकों में व्यक्ति के पैसों को लेकर विवाद हो गया और जमकर मारपीट शुरू हो गई। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।