तमाशबीन बनी पुलिस, रक्षाबंधन पर लुटते रहे भाई-बहन
मेरठ। रक्षाबंधन के त्योहार पर पुलिस सुरक्षा के तमाम दावे फेल साबित हुए। जिले में लूट, बंद मकानों में चोरी और जेब कटने की कई वारदात हुई। बदमाश खुलकर खेलते रहे। शहर से लेकर देहात तक पुलिस वारदात रोकने में नाकाम रही।
रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में लूट और चोरी की 12 शिकायतें पहुंची। वायरलेस सेट से एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कई बार पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए, लेकिन पुलिसकर्मियाें की नींद नहीं टूटी। भैसाली बस अड्डे और सोहराब डिपो पर दो लोगों के पर्स चोरी, तीन लोगों के मोबाइल और एक महिला की चेन छिन गई। इसके अलावा बदमाशों ने बस अड्डे के पास भीड़भाड़ इलाके में दो लोगों को भ्रमित कर लूट की वारदात अंजाम दी। कंकरखेड़ा में एक महिलाओं के कुंडल छीन लिए। भैसाली बस अड्डे से सदर पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है।
---
कप्तान नाराज, थानेदार करेेंगे परेड
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शनिवार देर रात व रविवार सुबह पुलिस को निर्देश दिए कि अलर्ट रहे, कहीं पर कोई घटना नहीं होनी चाहिए। बावजूद इसके एक के बाद एक वारदात होती रही। बदमाश दिनभर वारदात करते रहे। थानेदारों को एसएसपी ने पुलिस लाइन में परेड में बुलाया है।
---
जल्द पकड़े जाएंगे बदमाश
रक्षाबंधन के त्योहार पर बस अड्डे समेत कई जगह से चोरी और छीनाझपटी के मामले सामने आए हैं। उनके मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। लुटेरों के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी व जो थानेदार निष्क्रिय हैं, उन पर कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी। - प्रभाकर चौधरी, एसएसपी
---
बदमाशों ने बाइक, नकदी और आभूषण लूटे
परतापुर। रक्षाबंधन पर बदमाशों ने सुशांत सिटी के सामने बदमाशों ने दंपति से बाइक और नकदी लूट ली। वारदात अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों को किसानों ने घेर लिया तो वह बाइक छोड़कर भाग गए। मोदीनगर के सिकरी निवासी नीतू अपने पति मुकेश के साथ मायके पल्लवपुरम जा रही थी। परतापुर बाईपास स्थित सुशांत सिटी कि सामने लाल रंग की अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने पता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। इस दौरान बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर मुकेश से बाइक और नीतू का बैग छीन लिया और भागने लगे। इस दौरान नीतू ने शोर मचा दिया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने बदमाशों को घेर लिया, जिस पर बदमाश बाइक को मौके पर छोड़कर भाग गए। नीतू ने बताया कि पर्स मे 13 हजार 600 रुपये, मोबाइल, एक जोड़ी पायजेब, एक जोड़ी पायल थी। पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी और पल्लवपुरम के लिए रवाना हो गए।