बड़ौत में बिजरौल गांव में रविवार की रात अपने घर में सोये एक युवक पर गांव के ही दो युवकों ने घर में घुसकर लाठी और सरियों से पीट-पीटकर उसे अधमरा कर दिया। पीड़ित की ओर से दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
बिजेंद्र पुत्र सोहनवीर निवासी बिजरौल की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि शनिवार को उसकी पत्नी बाहर गई हुई थी। घर पर उसका छोटा बेटा आशीष और बड़ा बेटा मोहित सोये हुए थे। रात करीब 11 बजे गांव के ही दो युवक डंडे व सरिया लेकर घर में घुसे और उसके बेटे आशीष को जान से मारने की नियत से हमला बोल दिया। आरोपियों ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। शोर सुनकर पास में सोये मोहित ने शोर मचाया तो आसपास के लोग उधर दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आशीष को लेकर बड़ौत कोतवाली लाई, जहां से उसे सीएचसी पर भर्ती कराया है। इस संबंध में तहरीर लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।