जवाहर नगर में बुधवार तड़के सनसनीखेज वारदात हो गई। एक युवक ने मीट काटने वाले दांव से पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। चीख सुनकर पड़ोसी उनके घर पहुंचे, जहां पर दीवारें खून से सनी थी। महिला की गर्दन कटी लाश जमीन पर देख लोगों की रूह कांप उठी। घेराबंदी कर लोगों ने हत्यारोपी मौके पर दबोचकर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आला कत्ल बरामद कर लिया है।
मामला कंकरखेड़ा क्षेत्र के जवाहर नगर का है। रजनी देवी (40) पत्नी विनोद कुमार अपनी शादीशुदा बेटी वर्धना और दामाद सोहनलाल के साथ रहती थी। रजनी का अपने पति विनोद से विवाद चल रहा था। विनोद शराब तस्करी के साथ शराब पीने का भी आदी है। दंपति ने रुड़की रोड पर छठी पीएसी के पास अपना पुश्तैनी मकान बेचकर कुछ दिन पहले ही जवाहर नगर में मकान खरीदा था।
यह था दंपति में विवाद
पुलिस के अनुसार रजनी का बेटा अश्वनी चोरी व शराब तस्करी के मामले में जेल में बंद है। रजनी मकान बेचकर बेटे की जमानत कराने की जिद पर अड़ी थी। जबकि विनोद इस मकान को अपने नाम कराना चाहता था। बुधवार सुबह बेटी और दामाद बाजार चले गए। इसी दौरान विनोद ने रजनी की धारदार हथियार से गर्दन काट दी। हत्या के बाद विनोद चिल्लाने लगा, तो शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे।
मुझे कोई पछतावा नहीं
इस दौरान उसने मौके से भागने की कोशिश की। लेकिन लोगों ने उसे नहीं छोड़ा। हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़े रखा और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के सामने हत्यारोपी विनोद ने पत्नी की हत्या करना कबूल करते हुए कहा कि उसे इसका कोई पछतावा नहीं है।