दिनदहाड़े लड़की को कार से खींचने की कोशिश हुई और वो भी सबसे महफूज जगह यानि आईजी के घर के बाहर। लड़की ने मदद के लिए पुलिस को फोन किया लेकिन कोई गुहार नहीं सुनी गई। दिल्ली-रोहतक हाईवे पर आईजी आवास के सामने एक छात्रा को कार से खींचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले तो एमडीयू की एक छात्रा की कार में टक्कर मारी और फिर विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की।
विज्ञापन
परेशान छात्रा ने जब मदद के लिए 100 और 1091 पर कॉल किया तो वहां से भी मदद नहीं मिली। इतना ही नहीं, दिल्ली बाईपास पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी छात्रा को टरका कर थाने भेज दिया है। बाद में थाने में शिकायत के बाद पुलिस कैंपस पहुंची और मामले की जानकारी ली। दिल्ली के द्वारका की रहने वाली एक छात्रा एमडीयू के सोशियोलॉजी डिपार्टमेंट से एमए कर रही है।
वह मंगलवार सुबह दिल्ली से अपनी कार से यूनिवर्सिटी के लिए निकली। छात्रा का कहना है कि करीब नौ बजे खेड़ी साध गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक युवक ने अपनी गाड़ी से उसकी कार में टक्कर मार दी और निकल गया। हालांकि छात्रा ने अपने मोबाइल से युवक की कार का फोटो खींच लिया।
विज्ञापन
सड़क पर दिखा गुंडागर्दी का नंगा नाच
दिनदहाड़े लड़की से बदसलूकी
- फोटो : Demo Pic
थोड़ा आगे चलने पर छात्रा ने युवक की कार सड़क किनारे खड़ी देखा। युवक को देखकर छात्रा ने अपनी कार रोकी और उससे शिकायत करने लगी। आरोप है कि युवक ने वहां पर छात्रा के साथ अभद्रता की और छात्रा की गाड़ी से चाबी निकालने की कोशिश करने लगा। युवक के मंसूबे भांपकर छात्रा ने कार का शीशा बंद कर दिया। इससे युवक का हाथ उसमें फंस गया और छात्रा मौका पाकर वहां से निकल गई।
छात्रा का कहना है कि पुलिस से मदद के लिए उसने टोल फ्री नंबर 100 और 1091 पर कई बार फोन मिलाया। लेकिन किसी भी नंबर पर फोन नहीं लगा। छात्रा वहां से कार लेकर निकल गई। कुछ ही देर में युवक ने फिर पीछे से आकर आईजी आवास के सामने उसे ओवरटेक कर दिया। छात्रा को कार से उतारने के लिए युवक ने खिड़की खुलवानी चाही। छात्रा ने अपनी कार की खिड़की नहीं खोली। इस पर युवक ने उसकी कार का दरवाजा पीटना शुरू कर दिया।
किसी तरह छात्रा वहां से बचकर निकली और दिल्ली बाईपास के नजदीक बैठे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को मामले की जानकारी दी। यहां पर भी पुलिसकर्मियों ने कार सवार को पकड़ने के बजाय छात्रा पीजीआईएमएस थाने में जाकर शिकायत करने की सलाह दी। छात्रा पीजीआईएमएस थाने में गई और वहां पर शिकायत दी। इस घटना के बाद से छात्रा डरी हुई है।
पीजीआईएमएस में शिकायत के बाद छात्रा अपने डिपार्टमेंट में पहुंची और वहां पर वारदात की जानकारी दी। इससे डिपार्टमेंट के लोगों में भी आक्रोश फैल गया। डिपार्टमेंट में पहुंचने के करीब एक घंटा बाद महिला पुलिस यूनिवर्सिटी में पहुंची और छात्रा से बातचीत की। छात्रा ने पुलिस को आरोपी के कार की फोटो भी दी है। इससे उसकी कार का नंबर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
यह बोलीं विभागाध्यक्ष
हाईवे पर छात्रा के साथ दिनदहाड़े ऐसी घटना हुई है, यह शर्मनाक है। छात्रा ने मुझे आकर जानकारी दी। इसके बाद मैंने भी 100 और 1091 नंबर पर फोन मिलाया। इसके बाद कई बार प्रयास के बाद भी नंबर नहीं लगे। यदि समय पर पुलिस के नंबर मिल जाते तो आरोपी को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था।
- प्रो. मधु नागला, विभागाध्यक्ष सोशियोलॉजी।
मेरे साथ जो घटना हुई है, उसके बारे में पुलिस को लिखित में शिकायत दे चुकी हूं। पुलिस ने अभी तक क्या कार्रवाई की, इसकी मुझे फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है।
- पीड़ित छात्रा।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर गई थी। अभी छात्रा ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत आने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
- राकेश सैनी, पीजीआई थाना प्रभारी।