सहारनपुर के बाद अब मेरठ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही हैं। चौधरी चरण सिंह विवि कैंपस में दो दलित छात्रों को बेरहमी से पीटा गया। यह मामला मंगलवार दोपहर का है जब कार सवार आधा दर्जन युवकों ने दो दलित छात्रों की पिटाई कर दी। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर दलित छात्रों ने मेडिकल थाने का घेराव कर दिया।
पुलिस के अनुसार मीनाक्षीपुरम निवासी अनुज कुमार पुत्र बालकृ ष्ण माछरा डिग्री कॉलेज में एमएससी का छात्र है। जबकि सचिन पुत्र रामवीर सिंह बीएड का छात्र है। दोनों दोपहर विवि कैंपस में लाईब्रेरी से कैंटीन की तरफ जा रहे थे। उसी समय वहां स्विफ्ट कार सवार आधा दर्जन युवक पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने अनुज और सचिन से रास्ते में खड़ी बाइक हटाने के लिए कहा।
दोनों ने जब बाइक उनकी न होने की बात कही तो युवकों ने सड़क पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों छात्रों को जातिसूचक शब्द कहते हुए हॉकी से कई वार किए। शोर मचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर कैंपस पहुंचे एसओ मेडिकल मोहम्मद असलम ने घटना की जानकारी ली।
कैंपस से थाने तक हंगामा
दलित छात्रों की पिटाई की सूचना पर कैंपस के छात्र और कई छात्रनेताओं समेत 80-90 छात्र मेडिकल थाने पहुंचे और हंगामा, नारेबाजी कर दी। घंटो तक थाने में हंगामा चलता रहा। एसओ मेडिकल का कहना है कि दोनों छात्रों का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। हंगामा करने वालों में अरुण लिसाड़ी, डॉ. सुशील गौतम, आशीष जाटव, राजीव, विक्की, सुनील, अनिल अन्य रहे।
सहारनपुर की तरह माहौल बिगाड़ने की कोशिश
मेरठ माहौल बिगाड़ने की कोशिश
छात्र अनुज के पिता सिंचाई विभाग से रिटायर्ड बाबू हैं, जबकि सचिन के पिता रामवीर सिंह मेरठ में एलआईयू में दरोगा हैं। दोनों छात्रों का आरोप है कि एक आरोपी छात्रनेता को वह जानते हैं, जिसे सामने आने पर पहचान लेंगे। पीड़ित छात्रों ने एसओ मेडिकल के सामने आरोप लगाया कि उन्हें दलित कहकर पीटा गया। दलित छात्रों से मारपीट के बाद एलआईयू और इंटेलीजेंस की टीम भी थाने पहुंच गई। पुलिस के अनुसार आरोपी दूसरी बिरादरी के बताए गए हैं। लेकिन उनके नाम अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं। पुलिस मान रही है कि सहारनपुर की तरह शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है।
क्या कोई भीम आर्मी से है?
थाने में एक दरोगा ने हंगामा कर रहे दलित छात्रों से पूछा कि आप में से कोई भीम आर्मी से तो नहीं है? इस पर हंगामा करने वाले छात्र और युवक चुप रहे। पीड़ित छात्रों ने कहा कि या तो पुलिस कार्रवाई करे, नहीं तो कैंपस में जैसी घटना हमारे साथ हुई है, ऐसे ही हम भी बदला लेंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/