नौचंदी थाना क्षेत्र में आवास विकास कार्यालय के सामने सोमवार दोपहर बदमाशों ने एक्सईन के घर में लाखों की डकैती डाल ली। पिस्टल के बल पर महिला को बंधक बनाकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। 10 मिनट में बदमाश पूरे घर को खंगालकर फरार हो गये। शास्त्रीनगर आरटीओ रोड पर आवास एवं विकास परिषद का कार्यालय है। प्रमोद कुमार आवास विकास में खंड पांच में अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) हैं। वह अपने ऑफिस के सामने सेक्टर आठ में सरकारी मकान में रहते हैं। उनकी बेटी अर्णिका बंगलूरू में इंजीनियर है, बेटा अंशुल दिल्ली में इंजीनियरिंग कर रहा है। सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे प्रमोद कुमार ऑफिस से घर में खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद प्रमोद का साला सब्जी लेने चला गया। आधा घंटे आराम करने के बाद एक्सईएन कार्यालय पहुंच गए। उनकी पत्नी अरुण दूसरे गेट की तरफ लॉन में बैठी हुई थी।
महिला की कनपटी पर पिस्टल तानी
अस्त-व्यस्त सामान और बेड का वह गद्दा
इस बीच दो बदमाश घर में घुस गए और महिला की कनपटी पर पिस्टल तान दी। बदमाश महिला को गन प्वाइंट पर कमरे में ले गये और चुन्नी से हाथ बांधते हुए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। एक बदमाश ने धमकी देने के बाद सेफ की चाबी मांगी। कमरे में दोनों बदमाशों ने सेफ खोली। उस समय एक बदमाश गेट पर खड़ा था, जबकि दो बदमाश बाहर रोड पर बाइक के पास खड़े बताए। शोर मचाने पर बदमाशों ने महिला का गला दबाने की कोशिश की, उसके बाद बेड पर गिराकर गद्दों से दबा लिया। बदमाश 30 हजार रुपये और दस लाख रुपये की सोने की ज्वैलरी लेकर फरार हो गए। महिला किसी तरह बंधनमुक्त होकर बाहर निकली और शोर मचा दिया। एक्सईएन और अन्य अधिकारी पहुंचे और हंगामा कर दिया। कंट्रोल रूम पर सूचना देने के 45 मिनट बाद यूपी 100 पहुंची। पहले दरोगा ने जांच की। बाद में इंस्पेक्टर नौचंदी एसके राणा और सीओ सिविल लाइन रितेश कुमार डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम के साथ पहुंचे। देर से पहुंचने पर व्यापारी इंस्पेक्टर पर भड़क गए। पीड़ित एक्सईएन ने नौचंदी थाने में तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर के खिलाफ नारेबाजी
तहरीर लिखते पीड़ित
डकैती की घटना के करीब एक घंटे बाद इंस्पेक्टर नौचंदी एसके राणा पहुंचे। सेंट्रल मार्केट के अध्यक्ष किशोर वाधवा और अन्य व्यापारियों ने इंस्पेक्टर के खिलाफ हंगामा कर नारेबाजी कर दी। व्यापारियों ने कहा कि यदि इंस्पेक्टर नहीं हटे तो शास्त्रीनगर में ऐसे ही लूट और डकैती की घटना होती रहेंगी। एसई अरविंद कुमार, एई देवेंद्र सिंह, राजीव गर्ग, बिसंबर सिंह, मनोज सक्सेना, सत्यप्रकाश गुप्ता, व्यापारी नेता विनोद अरोड़ा, नईम चौहान आदि मौजूद थे।
कौन था पानी मांगने वाला
प्रमोद कुमार ने बताया कि चार दिन पहले एक युवक घर पहुंचा था जिसने कहा था कि वह बाहर रोड पर काम कर रहा है उसे पानी पीना है। लेकिन गेट नहीं खोलने पर वह चला गया। वहीं सीसीटीवी कैमरे में एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक दिखे हैं।
बदमाश बोले, ला चॉबी दे नहीं तो भेजा उड़ा देंगे
सहमे बैठे परिजन
बेखौफ बदमाश दिनदहाडे़ शास्त्रीनगर में वारदात कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। एक्सईएन के घर में डकैती की घटना से लोगों में आक्रोश है। एक्सईएन की पत्नी का कुछ दिन पहले ही ब्रेन का ऑपरेशन हुआ था। शास्त्रीनगर में एक्सईएन प्रमोद कुमार के घर में डकैती की वारदात को बदमाशों ने सटीक रैकी के बाद अंजाम दिया है। घर में जो दो बदमाश घुसे वह नई उम्र के थे। वे महिला से तू करके बात कर रहे थे। बदमाशों ने पहले तो महिला के कुंडल, चेन, कंगन और अन्य ज्वैलरी उतरवा ली। एक बदमाश ने महिला को धमकी दी कि लॉ चाबी दे, पता चला है कि घर में बहुत जेवर और कैश रखा है। यदि मुंह से आवाज निकाली तो भेजा उड़ा देंगे। महिला ने एक बदमाश से हाथापाई भी की, इस दौरान एक कुंडल फर्श पर गिर गया। वहीं घटना के बाद डॉग स्कवायड भी घर से 20-25 कदम पर ही सड़क के दोनों तरफ घूमता रहा।
डकैती पर लूट का पर्दा
बदमाश ले उड़े लाखों का माल
घटना के वक्त दो बदमाश अंदर कमरे में घुसे थे, एक कमरे के गेट पर खड़ा था। जबकि दो बदमाश मुख्य गेट के पास बाइक लेकर खड़े बताए गए। उसके बाद भी पुलिस ने तहरीर लेकर दो बदमाश ही घटना को अंजाम देने में दिखाए है। जिसके बाद पुलिस ने लूट में मामला दर्ज कर लिया है।