एंटी करप्शन टीम के सीओ विकास जायसवाल ने बताया गुरुवार दोपहर टीम ने जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर सिपाही द्वारा रिश्वत मांगने के बारे में बताया, साथ ही सिपाही और पशु व्यापारी के बीच फोन हुई बातचीत की ऑडियो भी सुनाई। इसके बाद आरोपी सिपाही को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। पशु व्यापारी जाकिर ने सिपाही पंकज से बात की। सिपाही ने उसे पैसे देने के लिए कलक्ट्रेट तिराहे पर स्थित मिठाई की दुकान के पास बुलाया। वहां पर एंटी करप्शन टीम ने पहले से ही घेराबंदी कर ली। तय समय लगभग चार बजे सिपाही अपनी मोटरसाइकिल से कलक्ट्रेट तिराहा पर पहुंचा। वहां सिपाही पंकज को पशु व्यापारी ने 10 हजार रुपए थमाए। जैसे ही सिपाही पंकज ने रुपए पकड़े, तभी एंटी करप्शन टीम ने आरोपी सिपाही को दबोच लिया। एंटी करप्शन टीम के सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि आरोपी सिपाही पंकज निवासी ग्राम ढिकाना जिला बागपत को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 10 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
दरवाजा तोड़कर भागने के प्रयास में हुआ घायल
एंटी करप्शन की टीम आरोपी सिपाही पंकज को पकड़कर सदर कोतवाली लेकर पहुंची और कोतवाली प्रभारी कक्ष में पंकज को बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी। अचानक पंकज अपनी कुर्सी से उठा और फरार होने के लिए बाहर की ओर भागा और दरवाजे पर से जा टकराया। जिस कारण शीशा टूट गया और पंकज टूटे हुए शीशे से बाहर जा गिरा। जिससे वह घायल हो गया। पंकज के गिरते ही टीम ने उसे फिर से पकड़ लिया। इसके बाद उसको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
तीन साल पहले दरोगा भी हो चुका है गिरफ्तार
लगभग तीन साल पहले भी सदर कोतवाली के एक दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने बीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। दरोगा एक मामले से नाम निकालने के लिए सरसावा क्षेत्र के एक युवक से 20 हजार की रिश्वत मांग रहा था। युवक की शिकायत पर दरोगा को एक रेस्टोरेंट से रंगे हाथ पकड़ा गया था। आरोपी सस्पेंड भी हुआ था और जेल भी भेजा गया था। कुछ ही समय पहले आरोपी दरोगा बहाल हो जाने पर उसकी तैनाती सदर थाने में ही हुई।
सिपाहियों के साथियों के बारे में होगी जांच : एसएसपी
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी सिपाही के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में एसपी सिटी को प्रारंभिक जांच सौंपी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पशु व्यापारी से रिश्वत मांगने में सिपाही के अलावा अन्य कौन लोग शामिल थे। यदि अन्य लोगों के शामिल होने की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/