युवक और युवती के परिवार वाले शादी की तैयारियों में जुटे हैं। परिवारों में खुशी का माहौल है। शादी में केवल छह दिन बचे हैं। अचानक युवती के पिता के मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसने दोनों परिवारों में दहशत फैला दी। फोन करने वाले ने धमकी दी कि यदि बारात आई तो वह शादी समारोह में खूनखराबा करेंगे। इस मामले की शिकायत बृहस्पतिवार को लड़के पक्ष के लोगों ने सिविल लाइन थाने में की है।
सिविल लाइन क्षेत्र के नंगलाभट्टू निवासी प्रवेश कुमार बिल्डर हैं। उनकी शादी मुरादाबाद में तय हुई है। दो दिन बाद सगाई और फिर 15 फरवरी को शादी है। युवती के पिता के मोबाइल पर बृहस्पतिवार सुबह एक युवक ने फोन कर धमकी दी। कहा कि अगर तुम्हारी बेटी की बारात आई तो मंडप में खूनखराबा होगा। युवती के पिता ने पहले अपने परिवार और फिर प्रवेश कुमार को मामले की जानकारी दी। प्रवेश के परिजन भी डरे हुए हैं। उन्होंने सिविल लाइन थाने में दरोगा धनवीर यादव से शिकायत की। दरोगा ने शिकायती पत्र लिया और तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार के लोगों ने पुलिस से कहा कि आरोपी शादी समारोह में किसी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।
हमें लगता मेरठ से कॉल हुई
बिल्डर प्रवेश कुमार ने बताया कि उसका कामकाज देखकर कुछ लोग रंजिश रखते हैं। उसको शक है कि कॉल मेरठ से हुई है। उसको एक युवक पर अंदेशा भी है। पुलिस सर्विलांस पर नंबर लगाकर पता कर सकती है कि आखिर धमकी देने वाला कौन है। एसएसआई ओमवीर गुप्ता ने बताया कि इस नंबर को सर्विलांस टीम को दे दिया है। इसका पता जल्द चल जाएगा।
सुरक्षा बढ़ा दो, कुछ हो न जाए
दोनों परिवार के लोगों में दहशत है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। युवती के परिजनों ने भी मुरादाबाद एसएसपी से शिकायत की है। सिविल लाइन पुलिस ने लड़के पक्ष से कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। सगाई से लेकर शादी तक पुलिस आपकी सुरक्षा करेगी। मुरादाबाद पुलिस से भी मदद ली जाएगी।