फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरधना में सड़क को लेकर टकराव के हालात

Sat, 24 Dec 2016 01:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दादरी मार्ग के शिलान्यास को लेकर सरधना में टकराव के हालात बन गए हैं। शुक्रवार को इसे लेकर भाजपा विधायक संगीत सोम और सपा नेता अतुल प्रधान समर्थक आमने-सामने आ गए। इससे पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। सीओ और इंस्पेक्टर ने बमुश्किल दोनों पक्षों को शांत कराया। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अफसर मूकदर्शक बने रहे। इस दौरान अतुल प्रधान की इंस्पेक्टर सरधना और पीडब्लूडी के जेई से नोकझोंक भी हुई। देर रात तक चली तनातनी से उत्पन्न तनाव के चलते मौके पर कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन

दादरी की करीब 15 किमी लंबी सड़क का निर्माण 9 करोड़ 35 लाख 94 हजार रुपये की लागत से हो रहा है। काम अंतिम चरण में है। ऐसे में सपा नेता अतुल प्रधान के समर्थक संत चार्ल्स इंटर कॉलेज में 24 दिसंबर को प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारी में जुटे थे। इससे ठीक एक दिन पहले शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे विधायक संगीत सोम के समर्थक नवाबगढ़ी में मार्ग का लोकार्पण करने जा पहुंचे। यहां ब्लॉक प्रमुख सरधना कुलदीप प्रजापति और कई ग्राम प्रधानों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर सड़क का लोकार्पण कर दिया। इसकी जानकारी लगी तो सैकड़ों अतुल समर्थक मौके पर पहुंच गए। इसके बाद इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा भी भारी पुलिस बल के साथ पहुुंचे। वहीं, समर्थकों के साथ मौके पर आए अतुल प्रधान ने लोकार्पण को विधायक की ओछी हरकत करार दिया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से तत्काल शिलापट हटवाने का दबाव बनाया। इसे लेकर अतुल और इंस्पेक्टर में नोकझोंक भी हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि यह निर्माण पीडब्लूडी का है। इस पर पीडब्लूडी के जेई रविंद्र कुमार और सचिन मौके पर पहुंचे, लेकिन वे शिलापट पर फैसला नहीं ले सके। इस पर अतुल समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर खुद शिलापट हटाने की कोशिश की। लेकिन, पुलिसकर्मियों ने ऐसा नहीं करने दिया। इसकी सूचना पर विधायक संगीत सोम समर्थक भी नारेबाजी करते हुए पहले कोतवाली, फिर संत चार्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचे। दोनों पक्ष आमने-सामने आने से अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को शांत कराया। देर रात तक हालात तनावपूर्ण बने हुए थे। इसके चलते एसडीएम राकेश कुमार और सीओ सीपी सिंह कई थानों की पुलिस और पीएसी लेकर मौके पर मौजूद थे।

एक-दूसरे को दी धमकी
देर रात तक चली तनातनी के बीच अतुल प्रधान और संगीत सोम के समर्थकों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दे डाली। वहीं, एडीएम ई दिनेश चंद्र और एसपी ग्रामीण श्रवण कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
विज्ञापन


मेरे प्रयास से बन रही सड़क
प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत बनने वाले मार्गों का निर्माण पीडब्ल्यूडी कराता है। प्रस्ताव पर मेरे बजट स्वीकृत हुआ है। दादरी मार्ग निर्माण मेरे ही प्रयास का नतीजा है। इसे शीघ्र पूरा कराया जाएगा। - संगीत सोम, विधायक सरधना

सीएम पहले ही कर चुके लोकार्पण
विधायक झूठ बोल रहे हैं। उनका इस सड़क निर्माण में कोई योगदान नहीं है। वह इस तरह के कई मामलों में पहले भी झूठ बोल चुके हैं। यह सड़क प्रदेश सरकार और उनके प्रयास से बनाई जा रही है। इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री पहले ही कर चुके हैं। - अतुल प्रधान, सपा नेता

पीडब्ल्यूडी करेगा निस्तारण
मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया है। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी ही इस मामले का निस्तारण करेंगे। - सीपी सिंह, सीओ सरधना
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें