फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुख्यात बोला, जेल से नहीं छूटा तो भाग जाऊंगा और सबसे पहले अध्यक्ष की हत्या करूंगा

Mon, 05 Dec 2016 12:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कुख्यात बदमाशों को पुलिस का जरा सा भी खौफ नहीं रह गया है। रविवार दोपहर जिस कुख्यात सतीश गिरी समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार करने की एसपी सिटी ने प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता से निकलते ही कुख्यात ने पुलिस के सामने एलान कर दिया कि जेल से नहीं छूटा तो भाग जाऊंगा और मेरा पहला टारगेट संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता होगा। यही नहीं, कुख्यात ने एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य और भट्ठा व्यापारी का नाम लेकर भी धमकी दी। व्यापारियों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एसपी सिटी से सुरक्षा मांगी है। जिसके बाद कुख्यात समेत सभी बदमाशों को कड़ी सुरक्षा में जेल भेजा गया।
विज्ञापन

भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता उर्फ काले पर जानलेवा हमला करने, तहसील गेट पर कानूनगो दीनदयाल आर्या की हत्या और दस से अधिक व्यापारियों से रंगदारी मांगने वाले कुख्यात सतीश गिरी व उसके चार साथियों को एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी ने रविवार दोपहर 3:30 बजे पुलिस लाइन में मीडिया के सामने पेश किया था। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी ने संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, व्यापारी नेता विपुल सिंघल, नीरज मित्तल, पवन मित्तल, दलजीत सिंह, अमन गुप्ता, संदीप रेवड़ी, तिलक नारंग, तरुण गोयल आदि व्यापारियों को भी बुलाया था।
जैसे ही प्रेसवार्ता खत्म हुई तो सतीश गिरी ने पुलिस लाइन सभागार से निकलते ही एलान कर दिया कि नवीन गुप्ता के फोटो बहुत छपते हैं। अगला टारगेट नवीन गुप्ता पर होगा। इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामजीवन लाल और एक भट्ठा व्यापारी को भी धमकी दी। सतीश गिरी ने कहा कि मैं आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। मेरी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है। जेल से नहीं छूटा तो पुलिस कस्टडी से भाग जायेगा। किसी का भी खून करने से वह पीछे नहीं हटेगा।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार सतीश गैंग ने भट्ठा मालिक अमित कुमार व महिपाल प्रधान से भी रंगदारी मांगी थी। फतेहगढ़ जेल में रहते हुए भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता उर्फ काले से रंगदारी मांगने के लिए कई पत्र भेजे थे। 24 व 25 नवंबर को रामजीवन लाल को भी रंगदारी न देने पर धमकी दी थी। जिसका नौचंदी थाने में मुकदमा भी दर्ज है। रंगदारी नहीं देने पर रामजीवन लाल की हत्या करने की फिराक में थे।

अफसरों के होश उड़े
कुख्यात सतीश द्वारा पुलिस के सामने संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी देने की खबर पर व्यापारियों में रोष फैल गया। उधर, जब यह खबर कक्ष में बैठे एसपी सिटी और अन्य अफसरों को लगी तो उनके होश उड़ गए। व्यापारियों ने एसपी सिटी के सामने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा मांगी।

यह बहुत गंभीर मामला
प्रेस वार्ता के बाद मैं एसपी सिटी के पास ही बैठा था। कुछ साथियों ने बताया कि सतीश ने पुलिस के सामने ही मुझे धमकी दी है। जब तक मैं बाहर निकला तो पुलिस ने उसे गाड़ी में बैठा लिया। यह बहुत गंभीर मामला है। जो पुलिस कस्टडी से भाग सकता है, वह कुछ भी कर सकता है। एसपी सिटी ने हमें सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा कि एसएसपी के आने के बाद यह बात रखी जाएगी।- नवीन गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ

पूरी सुरक्षा करेंगे
नवीन गुप्ता ने मुझसे बताया कि कुख्यात सतीश प्रेसवार्ता से निकलकर पुलिस के सामने ही धमकी देकर निकला है। जिसे कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया। एसएसपी के आने के बाद पूरा मामला उन्हें बताया जाएगा। व्यापारियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर खामी नहीं होने दी जाएगी।- आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें