आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद प्रेस वार्ता एसएसपी रामलाल वर्मा।
- फोटो : Rajesh Kumar
मेडिकल कॉलेज के स्टाफ नर्स शहजाद अली उर्फ सज्जू की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। फतेहपुर के रहने वाले आरोपी मेहताब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो अन्य आरोपी बंटी और बबलू की तलाश कर रही है। आरोपी मेहताब के मुताबिक घरवाले अक्सर शहजाद की उपमा देकर उसे उलाहना देते थे, जिस आजिज आकर उसने साथियों के साथ मिलकर शहजाद की हत्या कर दी।
रविवार को एसएसपी रामलाल वर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में कार्यरत शहजाद अली 11 अक्टूबर को ड्यूटी पर जाने के दौरान रास्ते से लापता हो गया था। 12 अक्टूबर को शाहपुर इलाके में उसकी लाश मिली थी। घरवालों ने प्रेम संबंध की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर भी दी थी। मगर पुलिस की जांच में वे निर्दोष पाए गए। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद से ही फतेहपुर निवासी मेहताब और उसके दो साथी लापता हैं।
रविवार को मेहताब की लोकेशन मिलने पर क्राइम ब्रांच की मदद से गुलरिहा पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि शहजाद की वजह से उसे बेइज्जत होना पड़ता था। परिवार के लोग शहजाद का उदाहरण देकर निठल्ला कहते थे, जिस वजह से उसने उसकी हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्यारे को पकड़ने वाली टीम को पुलिस ने पांच हजार का नकद पुरस्कार दिया।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस वाले
हत्यारे को पकड़ने वाली टीम में गुलरिहा थानेदार बांके बिहारी सिंह, सीआईयू प्रभारी अनिल कुमार उपाध्याय, सर्विलांस सेल के सुभाष सिंह, विपेंद्र मल्ल, सनातन सिंह, सत्य प्रकाश वर्मा, करुणापति तिवारी, राकेश यादव, दुर्गेश मिश्रा, संदीप सिंह, अरुण कुमार राय शामिल थे।