बिजनौर जिले में मंडावर पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस टीम ने पिस्टलों की खरीद-फरोख्त करने वाले दो ग्राम प्रधान, एक पूर्व प्रधान, किसान सहकारी समिति चांदपुर के चेयरमैन समेत आठ लोगों को दबोचा है। बिहार के मुंगेर से लाकर गैंग अवैध पिस्टलों को बेचता था। गैंग के पास से आठ पिस्टल बरामद हुए हैं। गैंग 500 से ज्यादा पिस्टल बेच चुका है। गैंग ने बिजनौर जिले समेत गैर जिलों से कई लोगों को पिस्टल बेचे हैं। पुलिस इन लोगों की खोजबीन में जुटी है।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक सूचना मिलने पर मंडावर पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस टीम ने बालावाली रेलवे स्टेशन के पास से अवैध पिस्टलों की खरीद-फरोख्त के लिए इकट्ठा हुए बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी करके गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी चांदपुर थाने के बास्टा निवासी सरताज, बसेड़ा निवासी अजब सिंह, हीमपुर थाने के गांव अकबरपुर तिगरी निवासी शमशाद उर्फ पप्पू, चांदपुर थाने के गांव रूपपुर निवासी जयप्रकाश के बेटे कपिल, चांदपुर के मोहल्ला मुफ्ती सराय निवासी यूनुस, चाहशीरी निवासी मो. इमरान, मोहल्ला काजी जादगान निवासी अब्दुल करीम व मोहल्ला शाहचंद निवासी शाहरुख है। उनके पास से आठ पिस्टल व आठ कारतूस बरामद हुए हैं। सरताज पूर्व प्रधान है। अजब सिंह व शमशाद मौजूदा ग्राम प्रधान हैं। कपिल किसान सहकारी समिति चांदपुर का चेयरमैन है। यूनुस चांदपुर नगर पालिका का पूर्व सभासद है।
एसपी ने बताया कि पकड़ा गया गैंग बिहार के मुंगेर से पिस्टलों को सस्ते दामों में खरीदकर महंगे दामों में बेचता है। सरताज, अजब सिंह, शाहरुख पिस्टल मुंगेर से लाकर बेचते हैं। शाहरुख ग्राहकों को तलाशता है। शाहरुख चांदपुर के एक जनप्रतिनिधि का रिश्तेदार है। सरताज व अजब सिंह हिस्ट्रीशीटर हैं। पकड़े गए गैंग ने पुलिस को बताया कि जिले व गैर जिले के कई लोगों को भी वह पिस्टल बेच चुके हैं। पुलिस इन लोगों को खंगालने में जुटी है। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाने में जुटी है। गैंग कई सालों से सक्रिय था और बिहार के मुंगेर से चोरी छिपे पिस्टल लाकर बेचता था। गैंग अब तक 500 से ज्यादा पिस्टल बेच चुका है। एसपी ने इस गैंग को दबोचने वाली टीम में शामिल स्वॉट टीम के प्रभारी निरीक्षक कृष्णमुरारी दोहरे, दरोगा प्रमोद कुमार, सुशील तोमर, संजय त्यागी, स्वॉट टीम में तैनात सनोजप्रताप सिंह, रोहित शर्मा, मीर हसन, सिपाही सचिन राठी, रूपक मलिक, रजनीश कुमार, अरविंद पंवार, मोहित शर्मा, आदेश चौहान, राजकुमार नागर को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
यह भी पढ़ें: हथियार तस्करों के आकाओं को पकड़ने में यूपी पुलिस नाकाम, यहां खूब बिक रहा 'मौत' का सामान