हाईवे स्थित डाबका गांव के जंगल में एक कंपनी के कर्मचारियों से बदमाशों ने साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट और फायरिंग कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे सीओ और एसओ ने करीब दो घंटे तक जंगल में बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। पीड़ितों ने तहरीर दी है।
कंकरखेड़ा क्षेत्र के नटेशपुरम निवासी अजीत कुमार और राहुल कुमार लखनऊ की कैश बैंकिंग मैनेजमेंट कंपनी में पैसे कलेक्ट करने का काम करते हैं। यह कंपनी फाइनेंस कंपनी के पैसों को अपने पास जमा करती है। बृहस्पतिवार को अजीत और राहुल बाइक से रोहटा रोड स्थित घसौली गांव से उज्जीवन फाइनेंस कंपनी का करीब चार लाख रुपये लेकर लौट रहे थे। डाबका गांव के जंगल में स्कूटी और बाइक सवार हथियारबंद पांच बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया।
इसके बाद बदमाशों ने उन पर पिस्टल तानकर बैग में रखे तीन लाख 51 हजार पांच सौ रुपये लूट लिए। विरोध करने पर कर्मचारियों पर लोहे की रॉड और पिस्टल की बटों से हमला बोल दिया। इसमें राहुल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। एक गोली अजीत की गर्दन को छूकर निकली। सूचना पर सीओ दौराला डॉ. अरविंद कुमार और एसओ यादराम यादव मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। सीओ दौराला का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ितों ने बताया कि बैग छोटा होने के कारण बाकी पैसे उन्होंने अपनी जेब में रखे थे।
हल्का इंचार्ज ने पीड़ितों को धमकाया
पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने उनके मोबाइल छीनकर खेत में फेंक दिए थे। गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मोबाइल ढूंढे। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम को सूचना दी। हल्का इंचार्ज पवन कुमार सैनी मौके पर पहुंचे और उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। कहा अब घर जाओ हम देख लेंगे। इस बीच वहां मीडिया कर्मी पहुंचे तो हल्का इंचार्ज ने पीड़ितों को डांटना शुरू कर दिया। कहा कि मीडिया को बताया तो केस कमजोर हो जाएगा। बाद में सीओ के पहुंचने पर वह घायलों को हॉस्पिटल लेकर चल दिए।