एसपी सिटी को रिश्वत देने के लिए नवीन गुप्ता ने लिए थे 10 लाख
मुकुट महल होटल के मालिक मुकेश गुप्ता के भाई नरेश कंसल ने संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता पर आरोप लगाए हैं। कहा है कि नवीन गुप्ता उनके भाई से 10 लाख रुपए एसपी सिटी को रिश्वत देने के लिए लेकर गए थे। यह पैसा बद्दो की फरारी के बाद दिया गया था। जिसमें नवीन गुप्ता ने उनको आश्वासन दिया था कि मुकेश की गिरफ्तारी नहीं होगी। होटल में कोई सील नहीं लगेगी। पुलिस उनके परिवार को परेशान नहीं करेगी। बद्दो की फरारी में होटल में सील भी लगी। पैसा वापस मांगा गया तो पांच महीने तक एक-एक लाख रुपया नवीन गुप्ता द्वारा वापस आया। छठवें महीने में नवीन गुप्ता ने ढाई लाख रुपए दिए और कहा कि अब बाकी पैसा नहीं आएगा। नहीं तो आप एसपी सिटी से खुद भी मिल सकते हैं। नरेश कंसल का आरोप है कि पैसा वापस लेने की खुन्नस में एसपी सिटी ने मुकेश गुप्ता की गिरफ्तारी कराई है।
मुकुट महल में बद्दो ने की थी पार्टी
फर्रुखाबाद पुलिस बद्दो को गाजियाबाद में पेश कराकर मेरठ के होटल मुकुट महल पहुंची थी। होटल में बद्दो ने पार्टी का इंतजाम कराया था। इस दौरान बद्दो के कई साथी होटल में मौजूद थे। इसके बाद बद्दो पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि करण पब्लिक स्कूल का चेयरमैन भानु प्रताप बद्दो को दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर छोड़कर आया था, जिसमें भानु प्रताप को भी जेल भेजा गया था। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी गायब कर दी गई थी।
तीन थानों में रखा, फिर जेल भेजा
आरोपी मुकेश गुप्ता की पत्नी गीता का कहना है कि नौ जुलाई को उनके पति को पुलिस उठाकर लाई थी। पुलिस बार-बार यही कहती रही कि पूछताछ के लिए लाया गया और फिर उन्हें छोड़ दिया जाएगा। तीन दिन मुकेश गुप्ता को थाने में रखा। शुक्रवार रात भी मुकेश के लिए उसकी पत्नी खाना लेकर आई थी। तब भी इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी ने कहा था कि रात में मुकेश को छोड़ देंगे। शनिवार को मुकेश का चालान कर उसे जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: Vikas Dubey Arrested: यूपी पुलिस की नाकामी के सबूत हैं ये तीन बड़े मामले, जानकर होंगे हैरान, एनकाउंटर से बच गया विकास दुबे
मुझे लखनऊ तक बदनाम कर दिया
मुकेश के भाई नरेश कंसल का कहना है कि जेल जाने से पहले मुकेश से बातचीत हुई। जिसमें मुकेश ने बताया कि एसपी सिटी ने उनको बहुत पीटा और वह बार-बार कह रहे थे कि मुझे लखनऊ तक बदनाम कर दिया। बता तूने मुझे कब पैसा दिया। इस दौरान सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी और इंस्पेक्टर सुभाष अत्री भी मौजूद थे। नरेश कंसल ने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की भी बात कही है।
इस मामले से मेरा कोई लेना देना नहीं है। अगर मैंने पैसा लिया था तो वह अब तक चुप क्यों थे। मुकेश गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद ही उनके भाई को यह बात कैसे याद आई। यह सब बेवजह के आरोप है।
- नवीन गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ
बदन सिंह बद्दो की फरारी के मामले में मुकेश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मेरे द्वारा कोई भी पैसे की मांग नहीं की गई, इसकी किसी भी स्तर से जांच कराई जा सकती है। बेवजह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
- डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी
फरारी में मुकेश की मुख्य भूमिका
कुख्यात बदन सिंह बद्दो की फरारी में मुख्य भूमिका मुकेश गुप्ता की है। अपराधी को होटल में रुकवाया। उसके आदमियों को बुलाया। होटल की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज गायब करा दी। कौन से दस्तावेज पर मुकेश स्टे लाया था, इसकी भी जांच कराई जा रही है। मामले में दोषियों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। मामले में एसपी सिटी पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
- अजय साहनी, एसएसपी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/