कैंट इलाके में शुक्रवार दोपहर कोचुवेली-देहरादून एक्सप्रेस में खूनी संघर्ष हो गया। चलती ट्रेन में दो समुदाय के लोगों में सीट पर बैठने को लेकर चाकू चल गए। इसमें एक युवक की चाकू लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री जख्मी हो गए। ट्रेन में खूनखराबा देख यात्रियों में भगदड़ मच गई। लोगों पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने खून से लथपथ पड़े यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस और जीआरपी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सहारनपुर के करीब दो दर्जन अधिक लोग केरल में फर्नीचर बनाने और वेल्डिंग का काम करते हैं। शनिवार सुबह सहारनपुर निवासी अब्दुल वाजिब, शेरू, नदीम, सलमान, राहिल, नासिर, फुरकान, मुकर्रम, फरमान, शाहरुख समेत करीब एक दर्जन लोग केरल से कोचुवेली-देहरादून एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहे थे। अगले स्टेशन से मेरठ के करीब एक दर्जन लोग भी जनरल डिब्बे में सवार हो गए। दोनों पक्षों के लोगों में सीट को लेकर कहासुनी हुई। ट्रेन में सवार यात्रियों ने दोनों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। इसके बाद कोटा में दोबारा दोनों पक्षों में विवाद हुआ। एक-दूसरे पर छींटाकशी करते हुए दोनों पक्षों के लोग रविवार को मेरठ पहुंचे।
आरोप है कि मेरठ के युवकों ने सिटी स्टेशन से पहले फोन करके एक दर्जन युवकों को बुला लिया। सिटी स्टेशन से दो युवक उनका सामान लेकर चले गए और अन्य युवक दोबारा ट्रेेन में चढ़े। कैंट स्टेशन से पहले कासमपुर में मेरठ के युवकों ने सहारनपुर के युवकों पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों में मारपीट होने के साथ चाकू चल गए। इसमें नासिर (18) पुत्र अनवार निवासी सुमाली सहारनपुर की मौके पर मौत हो गई। जबकि, गोदानपुरा, सहारनपुर निवासी शेरू और नदीम, सलमान और राहिल निवासी रायवाला, नासिर और फुरकान निवासी संग्राम विहार, मुर्करम, फरमान, शाहरुख समेत 12 लोग चाकू लगने से घायल हो गए। चलती ट्रेन में खूनखराबा देखकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर हमलावर युवकों ने चेन खींचकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गए। ट्रेन के अचानक रुकने की जानकारी लगते ही जीआरपी मौके पर पहुंची।
हमने दो सिख यात्रियों की जान बचाई
अस्पताल में घायल लोगों ने बताया कि आरोपी युवक ट्रेन में शराब पी रहे थे। सिटी स्टेशन से दो सिख यात्री ट्रेन में चढे़, जिनकी उनसे कहासुनी हुई थी। इस पर युवकों ने एक सिख यात्री को चलती ट्रेन से फेंक दिया था। विरोध करने पर आरोपी युवकों ने सहारनपुर के युवकों पर हमला किया था। दोनों सिख यात्री कौन थे और कहां गए, जीआरपी इसकी जानकारी जुटाने में लगी है।