चाट विक्रेता की हत्या के बाद पुलिस का घेराव करते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में बुधवार रात चाट विक्रेता को गोलियों से भून दिया गया। पुरानी रंजिश में हुए इस एलानिया मर्डर में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। जिससे इलाके में भगदड़ मच गई। परिजनों ने एक आरोपी को नामजद समेत चार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है। नौचंदी पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शास्त्रीनगर सेक्टर-2 निवासी सुंदर लाल सैनी की सेंट्रल मार्केट मेन बाजार में विशाल चाट भंडार के नाम से दुकान है। उनका बेटा मोहित (26) पिता के साथ दुकान संभालता था। बुधवार रात करीब नौ बजे मोहित अपने नौकर सागर के साथ सेंट्रल मार्केट स्थित कैलाश डेरी के पास एक दुकान पर किसी काम से गया था। जहां दो स्कूटी पर सवार पांच युवक पहुंचे।
चश्मदीद सागर ने बताया कि तीन युवकों ने पहले मोहित को गाली दी और पीछे से गर्दन में एक गोली मारी। उसके बाद अन्य युवकों ने मोहित पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जिसमें मोहित को पांच गोली लगना बताया गया। हमलावरों ने सागर को पीटा भी, लेकिन उसके ऊपर कोई फायर नहीं किया। गोली चलते ही आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी वहां से फरार हो गए।
इसकी जानकारी लगते ही सुंदर लाल, उनकी पत्नी अंजलि और दूसरा बेटा विशाल मौके पर पहुंचे। सागर ने बताया कि गोली मारने में मोनू अग्रवाल निवासी शास्त्रीनगर सेक्टर-2 था। खून से लथपथ मोहित को लोकप्रिय हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर एसएसपी डीसी दूबे और एसपी सिटी फोर्स लेकर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। देर रात तक पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी थी।
15 हजार रुपये का बताया विवाद
एसपी सिटी ओपी सिंह के मुताबिक सुंदर ने बताया कि मोनू ब्याज का काम करता है। उसके बेटे मोहित ने मोनू से 15 हजार रुपये उधार लिए थे। जिसका हर महीने वह ब्याज भी देते थे। मोनू अक्सर उनके साथ अभद्रता करता था। एक बार मोनू की मोहित से मारपीट भी हुई थी। जिसका मामला नौचंदी थाने में दर्ज है। मोनू ने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। सुंदर की तहरीर पर मोनू अग्रवाल समेत पांच लोगों पर केस दर्ज हुआ है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।