मॉडल टाउन के एक होटल में दो बेटों के पिता अकाउंटेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
- फोटो : अमर उजाला
मॉडल टाउन स्थित रिची रिच होटल के कमरे में बुधवार को एक अकाउंटेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अकाउंटेंट को सर्वाइकल की शिकायत थी और उसने एक युवती को दवा लेकर कमरे में बुलाया था। युवती दवा लेकर पहुंची भी, लेकिन इससे पहले ही अकाउंटेंट ने दम तोड़ दिया। होटल संचालक की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की शिनाख्त गोहाना के आदर्श नगर निवासी 35 वर्षीय बिजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दो बच्चों का बाप बिजेंद्र अपने परिवार को इकलौता सहारा था।
दरअसल बिजेंद्र औद्योगिक क्षेत्र आईडीसी स्थित एक ट्रैक्टर के पार्ट बनाने वाली कंपनी में अकाउंटेंट था। वह पिछले काफी समय से यहां पर नौकरी करता था। बिजेंद्र बुधवार को कंपनी में न जाकर सुबह करीब 10 बजे सीधा रिची रिच प्लाजा में आ गया और यहां उसने एक कमरा ले लिया।
बताया जा रहा है कि सुबह से ही बिजेंद्र को सर्वाइकल की तकलीफ थी। 11 बजे बिजेंद्र को सर्वाइकल का दर्द शुरू हो गया। तकलीफ ज्यादा होने पर उसने अपनी पहचान की एक युवती को फोन करके होटल में बुलाया और दवाई मंगाई। जब युवती दवाई लेकर कमरे में पहुंची तो बिजेंद्र पलंग पर बेसुध पड़ा था। युवती ने उससे बात करने का प्रयास किया तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
युवती ने होटल प्रबंधन को जानकारी दी। होटल प्रबंधन के लोगों ने कमरे में पहुंचकर जांच की तो बिजेंद्र की मौत हो चुकी थी। कुछ ही देर में पीजीआई थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। बिजेंद्र के मोबाइल से उसके चचेरे भाई को सूचना दी गई। थाना प्रभारी कुलदीप का कहना है कि प्राथमिक तौर पर सर्वाइकल का दर्द मौत का कारण लग रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
इकलौता सहारा था बिजेंद्र
बिजेंद्र अपने परिवार का इकलौता सहारा था। परिवार में उसके अलावा कोई भी कमाने वाला नहीं था। उसके पिता का भी काफी समय पहले देहांत हो चुका है। बिजेंद्र के दो बेटे हैं। पत्नी घर का काम काज करती है।