मुजफ्फरनगर के गांव सालारपुर में मंगलवार सुबह से लापता युवती की हत्या कर दी गई। बुधवार को युवती की लाश गांव के बाहर स्थित खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शक के आधार पर युवती के पड़ोस में रहने वाले युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। युवती के मामा ने अज्ञात में तहरीर दी है।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव सालारपुर निवासी अमरीन (18) पुत्री लताफत मंगलवार सुबह गांव निवासी किशोर के खेत में गन्ना छीलने के लिए गई थी। वहां से शाम तक भी अमरीन घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन युवती का सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह फिर से युवती की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान पड़ोसी मेहरबान पुत्र खुर्शेद ने उसके परिजनों को अमरीन की लाश गांव के बाहर स्थित ईख के खेत में पड़ी होने की जानकारी दी। घटना की सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खेत में अमरीन की लहूलुहान हालत में लाश मिली।